भोपाल
मध्यप्रदेश की चुनावी जंग में बेहद ही दिलचस्प और नया मोड़ आया है। साध्वी प्रज्ञा भाजपा में शामिल हो गई हैं और पार्टी ने उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह के खिलाफ भोपाल सीट से चुनावी मैदान में उतारा है। पार्टी ने बुधवार को मध्यप्रदेश से चार उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की है पार्टी ने भोपाल सीट से साध्वी प्रज्ञा, गुना सीट से के पी यादव, सागर से राज बहादुर सिंह, विदिशा से श्री रमाकांत भार्गव को टिकट दिया है। साध्वी प्रज्ञा ने टिकट मिलने के बाद कहा कि हम तैयार हैं और अब उसी कार्य में लग गई हूं।
गौरतलब है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान, राम लाल और प्रभात झा से मुलाकात करने के बाद साध्वी प्रज्ञा भाजपा में शामिल हो गई हैं। पार्टी में शामिल होने के बाद साध्वी प्रज्ञा ने कहा कि मैं आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल हो गई हूं। साथ ही उन्होंने कहा कि मैं चुनाव लडूंगी भी और जीतूंगा भी। बता दें कि भोपाल लोकसभा सीट पर 12 मई को मतदान किया जाएगा।
भोपाल सीट को भाजपा का गढ़ माना जाता है। 2014 लोकसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार आलोक सांजर ने 7.14 लाख वोट अपने नाम किए थे। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी पी.सी. शर्मा को महज 3.43 लाख वोट ही मिले थे। इस बार कांग्रेस ने इस सीट से पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह को चुनावी मैदान में उतरा है।
जानकारी के लिए बता दें कि साध्वी प्रज्ञा मालेगांव ब्लास्ट के बाद से चर्चा में आईं थी। दरअसल, 29 सितंबर, 2008 को मालेगांव में एक मस्जिद के बाहर एक मोटर साइकिल में धमाका हुआ। इसमें छह लोगों की मौत हुई थी और 100 घायल हुए थे।