Tuesday , September 8 2026
ताज़ा खबर
होम / खेल / पाकिस्तान की हार के बीच बाजिद खान का विवादित बयान, भारत को लेकर इंग्लैंड पर लगाए गंभीर आरोप

पाकिस्तान की हार के बीच बाजिद खान का विवादित बयान, भारत को लेकर इंग्लैंड पर लगाए गंभीर आरोप

dainikaamsabha:

नई दिल्ली
इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान टीम का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा है. शुरुआती दोनों टेस्ट मैच हारकर सीरीज गंवा चुकी पाकिस्तानी टीम के इस खराब खेल के बीच पूर्व क्रिकेटर बाजिद खान ने एक नया विवाद खड़ा कर दिया है.

अपनी टीम की नाकामियों पर बात करने के बजाय बाजिद खान ने पिचों को लेकर एक नई ही थ्योरी सामने रख दी है, जिसमें उन्होंने भारत का नाम भी घसीट लिया है. आउटसाइड एज शो के दौरान बाजिद खान ने इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड पर गंभीर आरोप लगा दिया.

बाजिद खान ने आरोप लगाया कि जब भारतीय टीम इंग्लैंड के दौरे पर जाती है तो वहां जानबूझकर ऐसी पिचें तैयार की जाती हैं जिन पर मैच पूरे पांच दिन तक चले. वाजिद के मुताबिक इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ऐसा इसलिए करता है ताकि मैचों से ज्यादा से ज्यादा कमाई हो सके और उन्हें कोई आर्थिक नुकसान न झेलना पड़े l
 
वहीं जब पाकिस्तान या कोई अन्य टीम इंग्लैंड जाती है तो मैच तीन या चार दिन में ही सिमट जाते हैं. जब बाजिद खान से पूछा गया कि क्या इस मामले की शिकायत आईसीसी से की जानी चाहिए तो उन्होंने साफ कहा कि यह दो देशों के बीच की सीरीज होती है, इसलिए इसमें आईसीसी कुछ नहीं कर सकता.

भारत का दमदार रहा है प्रदर्शन
बाजिद खान का यह बयान अपनी टीम के फ्लॉप शो से ध्यान भटकाने की कोशिश ज्यादा लगता है. आंकड़ों पर नजर डालें तो भारतीय टीम जब भी इंग्लैंड दौरे पर जाती है तो वहां मैच का रोमांच देखने लायक होता है. साल 2025 में जब भारत ने इंग्लैंड का दौरा किया था तब 5 मैचों की सीरीज 2-2 से बराबर रही थी और क्रिकेट फैन्स को पूरे 25 दिन का जबरदस्त खेल देखने को मिला था.

पाकिस्तान का रहा है बुरा हाल
दूसरी तरफ मौजूदा सीरीज में पाकिस्तान का हाल बेहद बुरा रहा है. हेडिंग्ले में खेला गया पहला टेस्ट मैच पाकिस्तान महज तीन दिन के भीतर एक पारी और 103 रन से हार गया था. वहीं लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट में भी इंग्लिश गेंदबाजों के आगे पाकिस्तानी बल्लेबाज टिक नहीं पाए और पूरी टीम पहली पारी में महज 110 रन पर ढेर हो गई, जिसके बाद चौथे दिन पाकिस्तान को 194 रन से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी.