Monday , September 7 2026
ताज़ा खबर
होम / राज्य / मध्य प्रदेश / रेलवे भर्ती बोर्ड, भोपाल में राजभाषा सप्ताह–2026 का शुभारंभ, तिमाही बैठक संपन्न

रेलवे भर्ती बोर्ड, भोपाल में राजभाषा सप्ताह–2026 का शुभारंभ, तिमाही बैठक संपन्न

– “हिंदी ही वह भाषा है जो संपूर्ण देश को एक सूत्र में बाँध सकती है” — रश्मि दिवाकर, अध्यक्ष, रेलवे भर्ती बोर्ड, भोपाल

आम सभा, भोपाल। भारत सरकार, गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग के निर्देशानुसार एवं रेल मंत्रालय (रेलवे भर्ती बोर्ड) के आदेशानुसार रेलवे भर्ती बोर्ड, भोपाल में दिनांक 07 सितंबर 2026 से 14 सितंबर 2026 तक चलने वाले “राजभाषा सप्ताह–2026” का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर प्रथम दिन “राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार में सोशल मीडिया की भूमिका” विषय पर हिंदी निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यालय के सभी रेलकर्मी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और वर्ष पर्यंत अपना दैनिक सरकारी कामकाज राजभाषा हिंदी में ही निष्पादित करने का संकल्प लिया।

इसी दिन समिति अध्यक्ष एवं कार्यालय प्रमुख श्रीमती दिवाकर की अध्यक्षता में “राजभाषा कार्यान्वयन समिति” की जून, 2026 को समाप्त तिमाही अवधि की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। सर्वप्रथम संपर्क राजभाषा अधिकारी एवं सचिव, रेलवे भर्ती बोर्ड श्री अनिल कुमार सिन्हा ने समिति अध्यक्ष सहित सभी समिति सदस्यों को बैठक की संक्षिप्त जानकारी दी। तत्पश्चात श्री निरीश कुमार राजपूत, सदस्य सचिव, रेलवे भर्ती बोर्ड, भोपाल ने श्रीमती रश्मि दिवाकर का पौधा भेंटकर स्वागत किया।

समिति अध्यक्ष श्रीमती रश्मि दिवाकर ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि भारतीय रेल देश की जीवन रेखा है और जन-जन से सीधा संवाद स्थापित करने में भाषा का बहुत अधिक महत्व होता है। भारतीय रेल जैसे विशाल संगठन में भर्ती प्रक्रिया से संबंधित कार्यालय होने के कारण हमारी भूमिका और भी संवेदनशील व महत्वपूर्ण हो जाती है, क्योंकि हमारा सीधा संबंध देशभर के युवाओं और परीक्षार्थियों से होता है। ऐसे में कार्यालयीन कार्य में राजभाषा हिंदी का प्रयोग करना हमारा नैतिक ही नहीं, बल्कि संवैधानिक दायित्व भी है।

उन्होंने कहा कि हमारी सेवाएं जनमानस तक सहजता और सरलता से पहुँचे, इसके लिए हिंदी ही एकमात्र सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी को हिंदी दिवस की अग्रिम बधाई देते हुए कहा कि “हिंदी ही वह भाषा है जो संपूर्ण देश को एक सूत्र में बाँध सकती है।”

बैठक के दौरान “कार्यालयीन कार्य में लैटिन शब्दावली का प्रयोग” विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यालय के 12 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला में कार्यालयीन कार्यों में प्रयुक्त शब्दावली एवं सरल हिंदी के प्रयोग के संबंध में उपयोगी जानकारी साझा की गई।

कार्यक्रम के अंत में बैठक का संचालन एवं आभार प्रदर्शन श्री राकेश कुमार मालवीय, वरिष्ठ अनुवादक द्वारा व्यक्त किया गया। राजभाषा सप्ताह–2026 के अंतर्गत रेलवे भर्ती बोर्ड, भोपाल में विभिन्न प्रतियोगिताओं, कार्यशालाओं एवं अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिनका उद्देश्य कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना तथा राजभाषा के प्रति अधिकारियों एवं कर्मचारियों में जागरूकता एवं अभिरुचि बढ़ाना है।