Sunday , August 23 2026
ताज़ा खबर
होम / खेल / Colombo में शुभमन गिल ने रचा इतिहास, सचिन-सहवाग के खास क्लब में बनाई जगह; धांसू रिकॉर्ड कायम

Colombo में शुभमन गिल ने रचा इतिहास, सचिन-सहवाग के खास क्लब में बनाई जगह; धांसू रिकॉर्ड कायम

dainikaamsabha:

कोलंबो
कोलंबो में श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दौरान भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने एक बड़ रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. सीरीज के पहले टेस्ट मैच में गिल फ्लॉप रहे थे. गॉल में वह दोनों ही पारियों में बड़ा स्कोर नहीं बना सके थे। 

लेकिन दूसरे यानी कोलंबो टेस्ट में गिल के बल्ले से रन निकले हैं. इस मैच के दौरान गिल ने टेस्ट क्रिकेट में अपने 3000 रन पूरे कर लिए हैं. वह भारत की तरफ से सबसे कम उम्र में 3000 टेस्ट रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज बन गए हैं. 26 साल और 349 दिन की उम्र में गिल ने यह मुकाम हासिल किया। 

भारत के लिए सबसे कम उम्र में 3000 टेस्ट रन बनाने का रिकॉर्ड मास्टर-ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के नाम है. उन्होंने यह कारनामा महज 23 साल 228 दिन की उम्र में किया था. इस लिस्ट में वीरेंद्र सहवाग (26 साल 157 दिन) दूसरे और दिलीप वेंगसरकर (26 साल 263 दिन) तीसरे स्थान पर हैं. अब शुभमन गिल इस खास फेहरिस्त में चौथे स्थान पर दर्ज हो गए हैं। 

बतौर कप्तान दमदार रहा है प्रदर्शन
शुभमन गिल ने अब तक खेले 43 टेस्ट मैचों की 77 पारियों में 43.53 की औसत से 3,004 रन बनाए हैं, जिसमें 11 शतक और 8 अर्धशतक शामिल हैं. कप्तानी मिलने के बाद गिल के खेल में निखार देखने को मिला है. बतौर कप्तान 11 टेस्ट मैचों की 18 पारियों में उन्होंने 74.06 के बेहतरीन औसत से 1,111 रन जोड़े हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 6 शतक और 1 अर्धशतक निकला है, जिसमें 269 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा है। 

भारतीय टीम को जायसवाल ने दी बेहतरीन शुरुआत
कोलंबो टेस्ट में श्रीलंका के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने ठोस शुरुआत की. सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने तेजी से रन बनाते हुए 53 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 45 रन बनाए. जबकि केएल राहुल 18 रन (2 चौके, 1 छक्का) बनाकर पवेलियन लौट गए। 

कप्तान गिल ने खेली अर्धशतकीय पारी
दो शुरुआती झटके लगने के बाद शुभमन गिल और देवदत्त पडिक्कल ने मोर्चा संभाला. दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 209 गेंदों में 120 रनों की मजबूत शतकीय साझेदारी हुई. गिल 108 गेंदों में 50 रन बनाकर टीम के तीसरे विकेट के रूप में आउट हुए. वहीं, देवदत्त पडिक्कल बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए क्रीज पर डटे हुए थे। 

इस मैच की प्लेइंग इलेवन में बड़ा बदलाव देखने को मिला है. मध्य प्रदेश के ऑलराउंडर सारांश जैन को भारत के लिए टेस्ट डेब्यू करने का मौका दिया गया है. वहीं, मैन स्पिनर कुलदीप यादव वायरल फीवर के कारण इस मुकाबले से बाहर हो गए हैं।