Wednesday , November 18 2026
ताज़ा खबर
होम / राज्य / अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा का उल्लास, लाखों श्रद्धालु पहुंचे; ड्रोन-CCTV से निगरानी

अयोध्या में 14 कोसी परिक्रमा का उल्लास, लाखों श्रद्धालु पहुंचे; ड्रोन-CCTV से निगरानी

dainikaamsabha:

अयोध्या 
यूपी में अयोध्या की सड़कों पर श्रद्धालुओं का हुजूम है. कहीं जय श्रीराम के नारे सुनाई दे रहे हैं, तो कहीं लोग परिक्रमा मार्ग पर आगे बढ़ते नजर आ रहे हैं. रामनगरी में ऐतिहासिक 14 कोसी परिक्रमा के लिए लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. परिक्रमा का शुभ मुहूर्त शुरू होने का इंतजार किए बिना ही कई श्रद्धालुओं ने अपनी यात्रा शुरू कर दी है। 

जिला प्रशासन के मुताबिक, 14 कोसी परिक्रमा का शुभ मुहूर्त रात एक बजे से शुरू होता है. लेकिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु एक दिन पहले ही अयोध्या पहुंच गए. कई लोग आश्रमों में ठहरे हैं और आसपास के धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन भी कर रहे हैं. परिक्रमा पूरी करने के बाद श्रद्धालु सरयू नदी में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं. गोपाष्टमी और नवमी से जुड़ी अलग-अलग परंपराओं और मान्यताओं के चलते भी श्रद्धालुओं में खास उत्साह है। 

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था के लिए पूरे परिक्रमा मार्ग को 10 जोन में बांटा है. ट्रैफिक और वाहनों की पार्किंग के लिए दो अलग जोन बनाए गए हैं। 

परिक्रमा मार्ग के प्रमुख पड़ावों, संवेदनशील जगहों और कुछ खास मोड़ों पर पुलिस फोर्स तैनात किया गया है. टू व्हीलर, फोर व्हीलर और भारी वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग है. एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को ध्यान में रखकर विशेष ट्रैफिक और पार्किंग प्लान तैयार किया गया है, ताकि भीड़ के बीच आने-जाने में परेशानी न हो। 

6 ड्रोन से निगरानी, सरयू में जल पुलिस तैनात
सुरक्षा व्यवस्था सिर्फ सड़कों तक नहीं है. पूरे मेला क्षेत्र में CCTV कैमरे लगाए गए हैं और कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है. भीड़ और श्रद्धालुओं की आवाजाही पर नजर रखने के लिए छह ड्रोन लगाए गए हैं. इनमें चार सामान्य ड्रोन और दो टीथर ड्रोन शामिल हैं. सरयू नदी और दूसरे जल क्षेत्रों में जल पुलिस, फ्लड पीएसी और SDRF की टीमें तैनात हैं. प्रशासन ने परिक्रमा मार्ग के साथ नदी के आसपास भी सुरक्षा के इंतजाम किए हैं। 

ADG से लेकर DM तक व्यवस्था पर नजर
ADG जोन प्रवीण कुमार ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस प्रशासन स्थानीय गणमान्य लोगों के साथ कोऑर्डिनेशन के साथ काम कर रहा है. DIG सोमेन वर्मा के मुताबिक, इस बार श्रद्धालुओं की संख्या काफी अधिक है और लोग लगातार अयोध्या पहुंच रहे हैं. इसे देखते हुए मल्टीलेयर सुरक्षा व्यवस्था की गई है. परिक्रमा मार्ग को भी व्यवस्थित किया गया है, ताकि लोगों को आने-जाने में आसानी हो। 

जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि परिक्रमा का शुभ मुहूर्त रात एक बजे से शुरू होना है. हालांकि, श्रद्धालुओं का अयोध्या पहुंचना इससे पहले ही शुरू हो गया था. भीड़ के बीच सफाई व्यवस्था भी प्रशासन के लिए अहम है. अयोध्या के महापौर गिरीपति त्रिपाठी ने बताया कि नगर निगम की ओर से शहर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जा रहा है. घाटों की सफाई पर खास फोकस किया गया है। 

फिलहाल रामनगरी में परिक्रमा को लेकर श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है. प्रशासन के सामने एक तरफ लाखों लोगों की आस्था से जुड़े आयोजन को सुचारु रूप से कराने की जिम्मेदारी है, तो दूसरी तरफ इतनी बड़ी भीड़ की सुरक्षा और आने-जाने वालों को मैनेजे करने की चुनौती भी है।