dainikaamsabha:
लखनऊ
लखनऊ में विकास कार्यों को नई रफ्तार मिलने जा रही है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की आईटी सिटी में जहां बिजली, सीवर समेत सभी बुनियादी सुविधाएं भूमिगत होंगी, वहीं लखनऊ-कानपुर हाईवे के पांच ब्लैक स्पॉट पर हादसे रोकने के लिए सुधार काम शुरू किए जा रहे हैं। आईटी सिटी योजना में सीवर और जल निकासी की व्यवस्था भी जमीन के नीचे विकसित होगी। सभी सुविधाओं को एक साथ विकसित करने से भविष्य में मरम्मत और विस्तार के लिए बार-बार सड़क खोदने की समस्या नहीं होगी। योजना में सड़कें पूरी प्रस्तावित चौड़ाई में बनाई जाएंगी।
भूमिगत सुविधाओं का नेटवर्क विकसित किया जाएगा
शहीद पथ और सुलतानपुर रोड के पास विकसित होने वाली एलडीए की आईटी सिटी में बिजली, टेलीफोन, ब्राडबैंड, सीवर और जल निकासी समेत सभी प्रमुख बुनियादी सुविधाएं अंडरग्राउंड होंगी। इसके लिए एलडीए ने शुरुआत भी कर दी है। योजना की पांच प्रमुख सड़कों के निर्माण के साथ ही भूमिगत सुविधाओं का नेटवर्क भी विकसित किया जाएगा। इससे आईटी सिटी में भविष्य में बिजली के तारों, सीवर और अन्य पाइपलाइन के लिए सड़कें खोदने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एलडीए उपाध्यक्ष ने पांचों सड़कों के निर्माण को मंजूरी दे दी है। इन पर करीब 95.77 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
बिजली की केबल भी भूमिगत
आईटी सिटी को आधुनिक सुविधाओं से युक्त करने के लिए एलडीए ने शुरुआत से ही अंडरग्राउंड इंफ्रास्ट्रक्चर की योजना बनाई है। इसके तहत सड़कों के निर्माण के साथ ही सीवर लाइन, ड्रेन, कल्वर्ट और इलेक्ट्रिकल डक्ट बनाए जाएंगे। इलेक्ट्रिकल डक्ट के जरिए बिजली की केबल भूमिगत रहेंगी। कानपुर हाईवे पर हादसों के लिए बदनाम पांच ब्लैक स्पॉट खत्म करने की कवायद जमीन पर उतरने जा रही है। इसकी शुरुआत आशा खेड़ा से कर दी गई है। इसके साथ ही नवाबगंज तिराहा, दही चौकी, चमरौली व त्रिभुवन खेड़ा में भी कार्य कराए जाएंगे।
मुख्यमंत्री से समय मिलते ही योजना की लॉन्चिंग
आईटी सिटी योजना को औपचारिक रूप से लॉन्च करने की तैयारी भी चल रही है। एलडीए मुख्यमंत्री से समय मिलने का इंतजार कर रहा है। समय मिलते ही योजना की लॉन्चिंग की जाएगी। प्राधिकरण की कोशिश है कि योजना की लॉन्चिंग के साथ ही विकास कार्यों को गति दी जाए। पांच सड़कों के निर्माण की मंजूरी इसी दिशा में अहम कदम है।
आशा खेड़ा से शुरुआत, सर्विस रोड चौड़ी होगी
आशा खेड़ा में सुधार कार्य के लिए निर्माण कराए जाने को जगह खाली कराई जा रही है। यहां सड़क किनारे लगे पेड़ों को हटाया जा रहा है। इसके बाद यहां पैदल पुल का निर्माण और सर्विस रोड के चौड़ीकरण का कार्य किया जाएगा। एनएचएआई के पीडी नवरत्न के मुताबिक ब्लैक स्पॉट सुधार के दौरान हाईवे की दूसरी तकनीकी कमियों को भी दूर किया जाएगा। इन सुधारों से हाईवे पर हादसों पर लगाम तो लगेगी।
जल निकासी की व्यवस्था भी होगी
सड़क 1
आर-5 में ड्रेन, इलेक्ट्रिकल डक्ट और अन्य सुविधाओं के साथ निर्माण होगा।
37.36 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
सड़क 2
आर-24 (चेनज 1295 से 2590 मीटर) में सीवर लाइन, ड्रेन और कल्वर्ट सहित निर्माण होगा।
16.33 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
95.77
करोड़ रुपये से बनेंगी पांच प्रमुख सड़कें, विकसित होंगी सीवर लाइन, ड्रेन, कल्वर्ट और इलेक्ट्रिकल डक्ट
सड़क 3
आर-25 (चेनज 1075 से 2150 मीटर) में सीवर लाइन, ड्रेन और इलेक्ट्रिकल डक्ट बनेंगे। इस पर
14.22 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
सड़क 4
आर-24 (चेनज 0 से 1295 मीटर) में सीवर लाइन और ड्रेन सहित सड़क बनेगी।
13.99 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
सड़क 5
आर-25 (चेनज 0 से 1075 मीटर) में सीवर लाइन, ड्रेन और इलेक्ट्रिकल डक्ट का निर्माण होगा।
13.87 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
Dainik Aam Sabha