इंदौर
मध्य प्रदेश प्रगतिशील लेखक संघ का 14 वां राज्य सम्मेलन अक्टूबर माह के अंत में इंदौर में आयोजित होगा। सम्मेलन की तैयारी हेतु अभिनव कला समाज सभागार में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में दो युवा लेखकों ने अपनी कहानियों का वाचन कर श्रोताओं को वर्तमान परिवेश, जीवन की विसंगतियों पर चिंतन-मनन का अवसर प्रदान किया।
अभय लोधी एवं रवि अहिरवार की कहानियां समकालीन समय का प्रतिनिधित्व करती है। अभय लोधी ने अपनी कहानी में एक ग्रृहणी के बंधन मुक्ति को आधार बनाया तो रवि अहिरवार ने देश के सामाजिक राजनीतिक परिवेश, उसके परिणामों की चिंता को साझा किया।
श्रोताओं के अनुसार कहानियों के कथानक विश्वसनीय एवं विषय आधारित हैं। भाषा सरल संप्रेषणिय और वातावरण के अनुकूल है। दोनों कहानियां समाज के मनोविज्ञान को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करने में सफल रही है।
कहानियों पर विनीत तिवारी, जाकिर हुसैन, विवेक मेहता, जावेद आलम, अभय नेमा, सारिका श्रीवास्तव, विवेक, अजय इमोलिया, विनय चौधरी ने अपने विचार रखे। प्रलेसं इकाई सचिव हरनाम सिंह ने आभार व्यक्त किया ।
Dainik Aam Sabha