dainikaamsabha:
लखनऊ
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के प्रमुख ओपी राजभर ने एक ताजा पोस्ट में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने एक पोस्ट में सवाल किया कि अखिलेश जी, आपको और आपके चेले-चपाटों को कुर्मी समाज से दिक्कत क्या है?
बाराबंकी के हंसराज वर्मा मामले का किया जिक्र
ओपी राजभर ने लिखा, “अखिलेश जी, आपको और आपके चेले-चपाटों को कुर्मी समाज से दिक्कत क्या है? कुर्मी समाज के दरोगा की अशफाक ने हत्या करने की कोशिश की थी लेकिन अब अहीर ने कुर्मी समाज के व्यक्ति की हत्या कर ही दी।
कुर्मी समाज से जुड़े मामलों को लेकर उन्होंने लिखा, “बाराबंकी में हंसराज वर्मा को ‘आपके यादव’ ने पहले कार से टक्कर मारी, फिर पिटाई की, उसके बाद कान के पीछे सटाकर गोली मार दी। जानते हैं ये हत्या क्यों हुई? आपका चेला जमीन कब्ज़ा करना चाहता था।”
राजभर ने आगे लिखा, “हंसराज वर्मा का मामला कोई पहला मामला नहीं है। ऐसे बहुत मामले हैं, जिनमें आपके ही चहेते ‘पीट देगा अहीर’ और ‘पीट देगा अशफाक’ गैंग के लोगों ने गैर-यादव पिछड़ों, खासकर कुर्मी समाज के लोगों को निशाना बनाया है।“
भरत वर्मा और पवन पटेल के मामलों का भी जिक्र
राजभर ने लिखा, “अपने लोहिया वाहिनी के प्रदेश उपाध्यक्ष का मामला तो पता ही होगा? पूर्व पार्षद चांद सिद्दीकी कैसे भरत वर्मा की जमीन पर कब्जा करने पहुंचे थे, गोली तक चला दी।”
उन्होंने पवन पटेल को सपा से बाहर निकालने का मामला उठाया और कहा कि सपा ने प्रयागराज में समाजवादी लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष पवन पटेल के साथ क्या किया? आवाज उठाने पर पार्टी से ही बाहर कर दिया?
कृष्णा देवी पटेल और गार्गी पटेल का मामला उठाया
राजभर ने कहा कि बांदा में आपके विधायक विशंभर यादव का कारनामा छिपा है क्या? किस तरह सपा महिला सांसद कृष्णा देवी पटेल के साथ उन्होंने अभद्रता की और सबके सामने बेइज्जत किया। सिर्फ इसलिए क्योंकि विधायक विशंभर यादव को पता है कि सपा में ‘पीट देगा अहीर’ की ही चलेगी। वो पीट भी देगा तो कुछ नहीं होगा, क्योंकि आपके स्वजातीय जो ठहरे।।”
राजभर ने चंदौली की सपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा, “यूपी के चंदौली में समाजवादी पार्टी की महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गार्गी पटेल का मामला तो पूरा देश जानता है। कैसे बड़ी बेरहमी से आपके स्वजातीय सपा नेताओं ने उन्हें पीटा था, याद है ना?”
कुर्मी समाज आपकी गुलामी नहीं करेगा’
हरदोई की पूर्व सांसद ऊषा वर्मा और उनके परिवार का जिक्र करते हुए राजभर ने लिखा, “हरदोई में पूर्व सांसद ऊषा वर्मा और उनके परिवार पर आपके शराफत अली ने कितना घिनौना बोला था, पता है?”
उन्होंने आगे लिखा, “आपको क्या लगता है कि PDA के नाम पर कुर्मी समाज को मूर्ख बना लोगे? गलतफहमी में मत रहिएगा, कुर्मी समाज अपने सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा करना जानता है, वो आपकी और आपके स्वजातियों की गुलामी नहीं करेगा।” राजभर ने कहा, “सच पूछिए तो आपका PDA- ‘पटेल द्रोही अहिर’ है। चिंता मत कीजिए महराज, कुर्मी समाज हर अपमान का हिसाब लेगा।”
Dainik Aam Sabha