Monday , July 13 2026
ताज़ा खबर
होम / राज्य / मध्य प्रदेश / दतिया में मंच पर भावुक हुए नरोत्तम मिश्रा, छलके आंसू; बोले- एक-एक गांव जाऊंगा, आशुतोष को जिताऊंगा

दतिया में मंच पर भावुक हुए नरोत्तम मिश्रा, छलके आंसू; बोले- एक-एक गांव जाऊंगा, आशुतोष को जिताऊंगा

  दतिया

दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दौर में भावुक क्षण देखने को मिले. दतिया के कद्दावर नेता और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी के नामांकन के बाद आयोजित एक जनसभा को संबोधित करते हुए अचानक रो पड़े। 

मंच पर आंसू पोंछते हुए नरोत्तम मिश्रा ने जनता और कार्यकर्ताओं के सामने हाथ जोड़े और दतिया की जनता को अपना 'मालिक' बताते हुए आशुतोष तिवारी को प्रचंड बहुमत से जिताने की भावुक अपील की। 

जनसभा को संबोधित करते हुए नरोत्तम मिश्रा बेहद भावुक हो गए और उनके आंसू निकल आए. खुद को संभालते हुए उन्होंने कहा, ''दतिया के मालिकों, मैं आपके एक-एक दरवाजे पर जाऊंगा, अपना शीश नवाऊंगा और एक-एक गांव के अंदर जाकर आशुतोष को जिताऊंगा।

बीजेपी का एक-एक कार्यकर्ता आशुतोष भैया के लिए अपने प्राण झोंक देगा. कोई भी विपक्षी दल या नेता इस भ्रम और मुगालते में न रहे कि चुनाव में हमारा कार्यकर्ता घर बैठेगा. हम सब 16 तारीख से यहीं दतिया में डेरा जमाएंगे और मिलकर इतिहास रचेंगे। 

इस भावुक दृश्य से पहले सोमवार सुबह से ही दतिया में भारी राजनीतिक सरगर्मियां देखी गईं. मुख्यमंत्री मोहन यादव स्वयं पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को भोपाल से अपने साथ विमान में लेकर दतिया हवाई पट्टी पहुंचे। 

एयरपोर्ट पर उतरने के बाद सीएम ने दतिया जिला अध्यक्ष से भी लंबी बातचीत की और बीजेपी उम्मीदवार की जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नजर आए। 

पहले टिकट वितरण को लेकर उपजे असंतोष की खबरों पर विराम लगाते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दोटूक कहा, "उस दिन जो भी हुआ था, उस पर सबने आपस में बैठकर बात कर ली है. अब सब ठीक है, सब साथ हैं और पूरी भाजपा मिलकर यह चुनाव मजबूती से लड़ेगी। 

'भाई और अभिभावक' का दिखा अनूठा संगम
नामांकन के लिए रवाना होने से पहले एयरपोर्ट से बाहर आते समय नरोत्तम मिश्रा और आशुतोष तिवारी एक-दूसरे का हाथ मजबूती से थामे हुए दिखाई दिए. नरोत्तम मिश्रा ने खुले मंच से घोषणा की कि आशुतोष उनके छोटे भाई की तरह हैं, वहीं भावुक होते हुए आशुतोष तिवारी ने कहा कि नरोत्तम मिश्रा उनके राजनीतिक और व्यक्तिगत जीवन में अभिभावक की भूमिका में हैं। 
आज बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही प्रमुख दलों के उम्मीदवारों ने अपने-अपने पर्चे दाखिल किए हैं, लेकिन बीजेपी के इस हाई-प्रोफाइल शक्ति प्रदर्शन और नरोत्तम मिश्रा के भावुक दांव ने दतिया उपचुनाव के मुकाबले को बेहद दिलचस्प बना दिया है. दतिया में  30 जुलाई को वोटिंग और 3 अगस्त को मतगणना होगी।