Sunday , November 22 2026
ताज़ा खबर
होम / लाइफ स्टाइल / 30-35 की उम्र में ही IVF का सहारा क्यों ले रहे कपल्स? जानिए तेजी से घटती फर्टिलिटी की बड़ी वजहें

30-35 की उम्र में ही IVF का सहारा क्यों ले रहे कपल्स? जानिए तेजी से घटती फर्टिलिटी की बड़ी वजहें

dainikaamsabha:

नई दिल्ली
एक जमाना था जब IVF (इन विट्रो फर्टिलाइजेशन) की जरूरत उन कपल को ज्यादा पड़ती है, जिनकी उम्र 40 साल या उससे अधिक हो चुकी है, लेकिन अब यह तस्वीर बदल रही है, आजकल 30 से 35 साल की उम्र में ही कई कपल को IVF और फर्टिलिटी ट्रीटमेंट की जरूरत पड़ रही है. महिलाएं ही नहीं पुरुषों में भी कम उम्र में बांझपन की समस्या हो रही है. सवाल ये है कि ऐसा क्या हो गया है कि इतनी कम उम्र में ही फर्टिलिटी घट चुकी है। 

30-35 की उम्र में क्यों बढ़ रही IVF की जरूरत?
दिल्ली के क्रिस्टा IVF में IVF स्पेशलिस्ट डॉ. मुग्धा रुस्तगी बताती हैं कि आजकल 30 से 35 साल की उम्र के कपल IVF कराने आ रहे हैं, कारण ये है कि 30 से 35 साल की उम्र में सामान्य तरीके से बच्चा कंसीव होने में समस्या आ रही है. चिंता की बात यह है कि पहले 40 साल की उम्र के बाद महिलाओं के शरीर में अंडों की संख्या कम होने लगती थी, लेकिन अब यह गिरावट 30 से 35 साल के बीच हो रही है. अब पहले की तुलना में PCOS, एंडोमेट्रियोसिस और हार्मोन से जुड़ी परेशानियां ज्यादा होने लगी हैं. वहीं, पुरुषों में स्पर्म की संख्या में कमी आ रही है. समय से पहले ही स्पर्म काउंट कम हो रहा है. महिलाओं में भी एग कम बन रहे हैं. इन वजहों से 30 की उम्र में भी कपल फर्टिलिटी एक्सपर्ट की मदद ले रहे हैं। 

बढ़ती उम्र में शादी भी एक वजह
एलांटिस हेल्थकेयर, नई दिल्ली के चेयरमैन और ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी एवं IVF विभाग के प्रमुख डॉ. मनन गुप्ता बताते हैं कि अब कपल 30 साल की उम्र के बाद शादी कर रहे हैं और कुछ कपल 35 साल में बच्चा प्लान करते हैं. देरी से शादी और बच्चे की प्लानिंग के कारण लोगों में सामान्य तरीके से बच्चा कंसीव नहीं हो पा रहा है, जबकि पहले शादी 30 साल से कम उम्र में हो जाती थी. बच्चे भी समय से प्लान किए जाते थे, लेकिन अब करियर की भागदौड़  के कारण बच्चे देरी से प्लान किए जा रहे हैं. जो लोग 30 के बाद बच्चे प्लान कर रहे हैं उनको भी आईवीएफ का सहारा लेना पड़ रहा है. नेचुरल तरीके से बच्चा कंसीव नहीं हो रहा है। 

खराब लाइफस्टाइल और खानपान बिगाड़ रहा फर्टिलिटी
डॉ. मनन कहते हैं कि अब लोगों की लाइफस्टाइल और खानपान काफी बिगड़ गया है. देर रात जागना, घंटों ऑफिस में बैठकर काम करना, जंक फूड खाना और एक्सरसाइज न करना जैसी चीजों के कारण लोगों के हार्मोन पर असर पड़ रहा है. इससे पुरुषों और महिलाओं दोनों की फर्टिलिटी समय से पहले कम हो रही है. ऐसे में जरूरी है कि लोग अपने खानपान और लाइफस्टाइल को ठीक रखें।