dainikaamsabha:
श्योपुर
चंबल नदी और जलीय जीवों को बचाने के लिए सुप्रीम कोर्ट की सख्ती और प्रतिबंध के बावजूद चंबल की रेत का अवैध कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। हैरानी की बात यह है कि अब चंबल की प्रतिबंधित रेत के इस्तेमाल के आरोप रेलवे के निर्माण कार्यों तक पहुंच गए हैं। श्योपुर जिले में रेलवे के निर्माण के लिए संचालित प्लांटों में चंबल नदी की अवैध रेत खपाए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। मामला सिर्फ अवैध रेत के इस्तेमाल तक सीमित नहीं है, बल्कि एक थाना प्रभारी पर ही रेत माफिया की भूमिका निभाते हुए रेलवे प्लांट तक चंबल की रेत पहुंचाने के गंभीर आरोप लगे हैं।
जिले में रेलवे के तीन निर्माण प्लांट संचालित हैं। इनमें पहला प्लांट वीरपुर थाना क्षेत्र के श्यामपुरकलां में सिल्लीपुर रेलवे स्टेशन के पास स्थित है। यहां चंबल नदी की अवैध रेत इस्तेमाल किए जाने की चर्चा लंबे समय से है। दूसरा प्लांट ढोढर थाना क्षेत्र में चंबल कैनाल सड़क के पास से गुजरी सड़क के किनारे संचालित है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यहां डंपरों के साथ ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए भी रेत पहुंचाई जाती है। रेत के स्टॉक से अवैध रेत से भरी ट्रॉलियां प्लांट तक पहुंचती हैं और रेत खाली करके वापस लौट जाती हैं।
प्लांट पर पहुंची टीम तो रेत के ढेर ने खोली पोल!
स्थानीय स्तर पर मिल रही सूचनाओं के बाद जब हमारी टीम मौके पर पहुंची तो प्लांट पर रखी रेत को देखकर चंबल की रेत के इस्तेमाल की आशंका और गहरा गई। हालांकि इस प्लांट से चंबल का रेत होने की सूचना पर घड़ियाल विभाग ने नमूना ले कर जांच के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया घड़ियाल विभाग की टीम ने भी रेत चंबल का होना बताया है। उधर अब सवार खड़े हो रहे है। कि सुप्रीम कोर्ट की फटकार के बाद भिंड मुरैना राजस्थान के धौलपुर और उत्तर प्रदेश के आगरा तक चंबल से अवैध रेत खनन को रोकने में घड़ियाल के साथ साथ पुलिस राजस्व और मार्निग विभाग के द्वारा संयुक्त कार्रवाई की जा रही हैं। लेकिन श्योपुर में इस खेल को देखकर ऐसा लग रहा है, कि घड़ियाल विभाग को स्थानीय पुलिस का सहयोग नहीं मिल रहा है।
इसके बाद हमारी टीम ने दूसरे दिन वर्धा रेलवे स्टेशन के पास स्थित प्लांट का जायजा लिया। यहां उस वक्त चंबल की रेत तो नजर नहीं आई, लेकिन आसपास के लोगों ने दावा किया कि इस प्लांट पर भी चंबल की रेत का इस्तेमाल होता रहा है।
थाना प्रभारी पर रेलवे प्लांट को रेत सप्लाई करने के आरोप
इस पूरे मामले में सबसे गंभीर आरोप पुलिस विभाग के एक थाना प्रभारी को लेकर सामने आए हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि थाना प्रभारी ने रेलवे प्लांट पर रेत सप्लाई का काम अपने हाथ में ले रखा है। आरोप है कि चंबल नदी से निकाली गई अवैध रेत उन्हीं के माध्यम से प्लांट तक पहुंचाई जा रही है। हमारी टीम ने जब इन आरोपों को लेकर अलग-अलग लोगों से जानकारी जुटाई तो कुछ अन्य लोगों ने भी इसी तरह के दावे किए। लेकिन हम इन आरोपों की पुष्टि नहीं करते हैं।
कांग्रेस नेता ने लगाए मोटी कमाई और हिस्सेदारी पहुंचाने के आरोप
कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष अतुल चौहान ने भी इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका आरोप है कि संबंधित थाना प्रभारी लंबे समय से रेलवे के निर्माण प्लांटों पर रेत सप्लाई कर रहे हैं और इससे मोटी कमाई कर रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इस अवैध कमाई में सत्ता पक्ष के कुछ लोगों तक हिस्सेदारी पहुंचाई जाती है। हालांकि यह आरोप विपक्ष के है।
डर के चलते सामने नहीं आ रहे ग्रामीण
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि रेलवे प्लांटों पर चंबल की रेत का इस्तेमाल खुलेआम किया जा रहा है और पुलिस विभाग का एक थाना प्रभारी ही इसकी सप्लाई करा रहा है। हालांकि, ग्रामीणों ने कैमरे पर आने और अपनी पहचान उजागर करने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि उन्हें डर है कि यदि उन्होंने खुलकर शिकायत की तो उन्हें झूठे मामलों में फंसाया जा सकता है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब चंबल नदी की रेत के उत्खनन और उसके इस्तेमाल पर प्रतिबंध है, तो आखिर रेलवे के निर्माण कार्यों में यह रेत कैसे पहुंच रही है? क्या रेलवे के अधिकारी निर्माण सामग्री की जांच नहीं कर रहे हैं? और यदि पुलिस विभाग के किसी थाना प्रभारी की भूमिका इस अवैध कारोबार में है, तो जिम्मेदार अधिकारी उस पर कार्रवाई क्यों नहीं कर रहे हैं? चंबल की रेत से रेलवे का निर्माण हो रहा है या फिर प्रतिबंधित रेत के कारोबार को खाकी का संरक्षण मिल रहा है, इसकी निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है।
वर्जन–मेरे तो संज्ञान में नहीं है। आप बता रहे हो शिकायत मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी। और जहां तक रेत की बात है तो समय-समय पर वैधानिक कार्रवाई की जाती रही है।
विजय सिंह तोमर डीएसपी हेडक्वार्टर
वर्जन–इसकी हमें और सूचना मिली है। लेकिन हम मौके पर पहुंचते हैं तो वह उसमें कुछ सिंध का रेत मिला देते हैं। फिर भी हमने जांच के लिए नमूने दो जगह से लिए हैं जांच आने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सोमेश शर्मा रेंजर राष्ट्रीय चंबल अभ्यारण गैम रेंज सबलगढ़
वर्जन–आप चंबल के रेत की बात कर रहे है। तो कही नहीं चल रहा जहां तक आप रेलवे के प्लाट की बात कर रहे हैं। तो उससे हमें क्या करना है। उस पर हमारा क्या है हमने जब भी देखा है तो और रॉयल्टी दिखता है।
राकेश शर्मा थाना प्रभारी ढोढर
वर्जन–देखिए चंबल का रेत भिंड मुरैना में सुप्रीम कोर्ट की शक्ति के बाद बंद हो गया। लेकिन श्योपुर में क्यों नहीं हुआ खुलकर के चल रहा है। रेलवे के तीन प्लाट है तीनों पर चंबल का रेत उपयोग किया जा रहा है। कुछ पुलिसकर्मी सप्लाई दे रहे हैं। और वह तो यह कहती है कि हम तो ऊपर तक पैसा दे रहे हैं इसलिए हमारा कोई कुछ नहीं कर सकता ऐसे ही चलेगा।
अतुल चौहान कोंग्रेश पूर्व जिला अध्यक्ष
Dainik Aam Sabha