dainikaamsabha:
भोपाल
भाजपा के संस्थापक सदस्य, पूर्व राज्यसभा सांसद स्व. कैलाश नारायण सारंग की पुण्यतिथि एवं उनकी धर्मपत्नी स्व. प्रसून सारंग की जयंती 14 नवंबर को हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी नरेला विधानसभा सहित सम्पूर्ण देशभर में मातृ-पितृ भक्ति दिवस के रूप में मनाई जा रही है। मंत्री सारंग नरेला विधानसभा के समस्त वार्डों में आयोजित कार्यक्रम में सम्मिलित होकर वृद्धजनों के चरण पखारकर, उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित करेंगे। मंत्री सारंग ने बताया कि स्व. कैलाश नारायण सारंग के अनुयायियों, प्रशंसकों एवं समर्थकों द्वारा 14 नवंबर को भोपाल शहर में विभिन्न सेवाकार्य किए जाएंगे। इसके साथ ही अखिल भारतीय कायस्थ महासभा द्वारा भी देशभर में सेवाकार्य किए जाएंगे। स्व. कैलाश नारायण सारंग का संपूर्ण जीवन सेवा, संस्कार, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है। उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने और परिवार एवं समाज में वरिष्ठजनों के प्रति सम्मान की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से यह आयोजन प्रतिवर्ष किया जाता है।
नरेला विधानसभा सहित देशभर में होंगे सेवा कार्य
मंत्री सारंग ने बताया कि नरेला विधानसभा के समस्त वार्डों में मातृ-पितृ भक्ति दिवस का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम में बुजुर्गों का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही नरेला विधानसभा सहित अखिल भारतीय कायस्थ महासभा द्वारा भी देशभर में विभिन्न राज्यों में वृद्धजनों के सम्मान, स्वास्थ्य सेवा एवं जन-कल्याण से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कायस्थ महासभा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता इसके माध्यम से माता-पिता और वरिष्ठजनों के सम्मान के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाएंगे।
सोशल मीडिया में करें अपने अनुभव साझा
मंत्री विश्वास सारंग ने सभी नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि 14 नवंबर को अपने माता-पिता एवं परिवार के सभी वरिष्ठजनों का सम्मान करें, उनका आशीर्वाद प्राप्त करें। साथ ही अपने अनुभव, फोटो एवं वीडियो सोशल मीडिया पर हैशटैग #सारंग_मातृ_पितृ_भक्ति_दिवस के साथ और 9981222321 इस नंबर पर व्हाट्सएप्प कर अवश्य साझा करें।
स्व. कैलाश सारंग सेवा के प्रतीक
स्व. कैलाश नारायण सारंग ने समाज सेवा को अपने जीवन का उद्देश्य बनाया। उन्होंने अपने पैतृक ग्राम बरेली में वृद्धाश्रम की स्थापना कर निराश्रित एवं बेसहारा बुजुर्गों को सम्मानपूर्ण जीवन प्रदान करने का मार्ग प्रशस्त किया। इसके अतिरिक्त रायसेन जिले के ग्राम घाटपिपरिया स्थित नर्मदा तट पर परिक्रमावासियों के लिए आश्रम की स्थापना कर सेवा और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया। उनके द्वारा प्रारंभ किए गए सेवा, संस्कार और जन-कल्याण के अनेक प्रकल्प आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं।
Dainik Aam Sabha