Sunday , April 26 2026
ताज़ा खबर
होम / राज्य / मध्य प्रदेश / Burhanpur में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव, JCB ऑपरेटर समेत 4 लोग घायल

Burhanpur में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव, JCB ऑपरेटर समेत 4 लोग घायल

बुरहानपुर.

नेपा नगर रेंज के अंतर्गत कबीर नल से झांझर तक वन भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने रविवार को वन विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग का संयुक्त अमला मौके पर पहुंचा। प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे इस बड़े अभियान में निमाड़ अंचल के चारों जिलों से करीब 500 वनकर्मी और पुलिस बल शामिल थे। अतिक्रमण हटाने के लिए 70 से अधिक जेसीबी मशीनों को भी तैनात किया गया था।

कार्रवाई की शुरुआत पहले दिन झांझर गांव के पास से की गई। टीम ने जैसे ही अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू की, मौके पर मौजूद अतिक्रमणकारियों ने विरोध करते हुए अचानक पथराव शुरू कर दिया। स्थिति तेजी से बिगड़ने पर प्रशासनिक अमले को पीछे हटना पड़ा। पथराव की इस घटना में चार लोगों के घायल होने की सूचना है। इनमें दो जेसीबी ऑपरेटर बताए जा रहे हैं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए भेजा गया, जिनमें से एक ऑपरेटर को गंभीर चोट आने के कारण जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

पहले दिन बाधित हुआ अभियान
अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में लंबे समय से वन भूमि पर अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई गई थी। हालांकि, विरोध और हिंसक स्थिति के चलते पहले दिन का अभियान बाधित हो गया।

चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाएंगे अभियान
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल की तैनाती की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि अतिक्रमण हटाने का अभियान चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा, साथ ही उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए पुलिस बल को तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।