Saturday , July 27 2024
ताज़ा खबर
होम / देश / CWC की बैठक में राहुल का पीएम मोदी पर हमला, कहा-देश की संस्थाओं को बर्बाद कर रही सरकार

CWC की बैठक में राहुल का पीएम मोदी पर हमला, कहा-देश की संस्थाओं को बर्बाद कर रही सरकार

अहमदाबाद
लोकसभा चुनाव में जीत के लिए कांग्रेस ने मंगलवार को गुजरात में महामंथन किया। कांग्रेस वर्किंग कमिटी (CWC) की बैठक में पार्टी ने जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी को कई मुद्दों पर घेरा वहीं, जवानों को नमन कर चुनावी रणनीति के भी संकेत दे दिए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पीएम मोदी चुनावी फायदे के लिए लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ कर रहे हैं। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी ने पीएम मोदी पर सीधे हमला बोला।

‘देश में राजनैतिक संवाद में कड़वाहट का कारण मोदी’
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने बैठक के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि कार्यकारिणी में देश के राजनैतिक संवाद में कड़वाहट और गिरावट पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि देश में राजनैतिक कड़वाहट का कारण पीएम मोदी और बीजेपी हैं। यह भारत के लिए दुर्भाग्य की बात है। उन्होंने कहा, ‘बैठक में राष्ट्रीय एकता पर भी चर्चा की गई। बैठक में पीएम मोदी द्वारा राजनीतिक फायदे के लिए देश की जनता के बीच लकीरें खींचने की आलोचना की गई।’

जवानों का किया गया नमन 
शर्मा ने कहा कि बैठक में जवानों की कुर्बानियों को भी नमन किया गया। उन्होंने कहा कि आतंकियों के इरादे भारत कभी कामयाब नहीं होने देगा। आतंक के खिलाफ भारत की आवाज मजबूत रही है।

‘देश की संस्थाओं पर हमला कर रही मोदी सरकार’
शर्मा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने स्पष्ट कहा कि देश में आजादी के बाद जो संस्थाएं हैं उन पर मोदी सरकार ने निरंतर चोट की है। जो संस्थाएं हमारे संवैधानिक प्रजातंत्र को बनाए रखी हो, उनको सुनियोजित तरीके से बर्बाद करने का काम सरकार ने किया। आरबीआई, सीबीआई, ईडी का निरंतर राजनैतिक प्रतिशोध के लिए दुरुपयोग हो रहा है। देश के अंदर एक ऐसा वातावरण बनाया गया है, जो किसी भी प्रजातंत्र में स्वीकार नहीं है।

राहुल ने आरएसएस को भी घेरा
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने बैठक में बीजेपी और आरएसएस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि बीजेपी-आरएसएस की फासीवाद, नफरत, गुस्से एवं विभाजनकारी विचारधारा को हराने से बड़ा कुछ नहीं है।

असली मुद्दा है रोजगार
आनंद शर्मा ने कहा कि असली मुद्दा रोजगार है। नौजवानों में गुस्सा है। 10 करोड़ रोजगार का वादा था, लेकिन नौकरियां कम हुई हैं। देश में बेकारी बढ़ रही है। किसानों को न तो न्याय मिला है, न कीमत ही मिली है। नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों पर हमला किया गया है।

सोनिया-मनमोहन का भी केंद्र पर हमला
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया ने बैठक में सरकार की नीतियों पर हमला करते हुए कहा कि राजनीतिक फायदे के लिए राष्ट्रीय हित का मुद्दा सामने लाया जा रहा है। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने कहा कि यूपीए के ग्रोथ के बारे में आम लोगों को जानकारी देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कृषि और औद्योगिक ग्रोथ के साथ छेड़छाड़ की जा रही है।

पहली बार CWC की बैठक में प्रियंका गांधी 
इससे पहले, सरदार वल्लभ भाई पटेल राष्ट्रीय स्मारक में CWC की बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी के नेतृत्व में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने अहम चुनावी मुद्दों पर चर्चा शुरू की। पार्टी ने यहां साबरमती आश्रम में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के साथ शुरुआत की। महात्मा गांधी ने 1930 में आज ही के दिन साबरमती आश्रम से ऐतिहासिक दांडी यात्रा शुरू की थी। दांडी यात्रा की वर्षगांठ के अलावा यह प्रियंका गांधी वाड्रा की पहली आधिकारिक बैठक है। प्रियंका को हाल में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कांग्रेस महासचिव का प्रभार सौंपा गया था। बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दे पर भी चर्चा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)