Monday , March 16 2026
ताज़ा खबर
होम / विविध / भारत-UAE एक-दूसरे के रणनीतिक भागीदार : पीएम मोदी

भारत-UAE एक-दूसरे के रणनीतिक भागीदार : पीएम मोदी

नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी फ्रांस के बाद संयुक्त अरब अमीरात (UAE) पहुंच गए हैं. पीएम मोदी का यह तीसरा यूएई दौरा है. उनका यह दौरा बेहद खास माना जा रहा है. यूएई पहुंचते ही पीएम मोदी ने खलीज टाइम्स को इंटरव्यू दिया. इस दौरान एक सवाल के जवाब में पीएम मोदी ने कहा कि पिछले चार साल में भारत और संयुक्त अरब अमीरात के रिश्ते मजबूत होकर खरीददार और विक्रेता से व्यापक रणनीतिक भागीदारी के स्तर तक पहुंच गए हैं.

उन्होंने कहा कि यूएई के साथ संबंधों को मजबूत बनाना उनकी सरकार की अहम विदेशी नीति की प्राथमिकता है. यूएई और भारत के बीच सभी सेक्टर में सहयोग की चर्चा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दोनों देशों के नेताओं के साझा तालमेल से सहयोग को बढ़ाने में मदद मिली है. उन्होंने जोर देकर कहा कि सहिष्णु यूएई और सेक्युलर भारत एक दूसरे के नेचुरल पार्टनर हैं. उन्होंने कहा कि भारत निवेश के लिए तैयार है.

पीएम मोदी को यूएई का सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार

पीएम मोदी को यूएई अपने सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘ऑर्डर ऑफ जायद’ से भी सम्मानित करने जा रहा है. इससे जुड़े एक सवाल पर पीएम मोदी ने कहा कि इस पुरस्कार को लेकर मैं बेहद सम्मानित महसूस कर रहा हूं. यह हमारी बढ़ती भागीदारी का सबूत है. यह भारत की 1.3 अरब जनता का सम्मान है. उन्होंने कहा कि यह दोनों देशों के बीच साझा सुरक्षा, शांति और समृद्धि के लिए रिश्तों के अभूतपूर्व तालमेल को दर्शाता है. भारत और यूएई के रिश्तों की कोई सीमा नहीं है.

पीएम मोदी बोले- क्राउन प्रिंस को मानता हूं भाई

अबू धाबी के क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ संबंध के सवाल पर पीएम मोदी ने कहा कि मैं और क्राउन प्रिंस नाहयान एक दूसरे को भाई मानते हैं. हमारे बीच बहुत सद्भावना और सम्मान है. मेरे और नाहयान के तालमेल और सद्भावना का ही नतीजा है कि पिछले चार साल में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय रिश्ते जितना मजबूत हुए हैं, उतना पहले कभी नहीं हुए थे. इससे न सिर्फ दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा मिला है, बल्कि व्यापार, निवेश, रक्षा, खाद्य और सुरक्षा सहयोग को भी बढ़ावा मिला है.

भारत का तीसरा सबसे बड़ा कारोबारी भागीदार है यूएई

पीएम मोदी ने कहा कि मैं क्षेत्रीय शांति, समृद्धि और स्थिरता की पहल के लिए प्रिंस क्राउन की तारीफ करता हूं. यूएई के साथ कारोबार के सवाल पर पीएम मोदी ने कहा कि यूएई भारत का तीसरा सबसे बड़ा कारोबारी भागीदार और चौथा सबसे बड़ा कच्चे तेल का सप्लायर है. भारत में 75 बिलियन डॉलर के निवेश की प्रतिबद्धता गेम चेंजर है. उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बंदरगाह, बुनियादी ढांचे और हाउसिंग के क्षेत्र में यूएई के निवेश में इजाफा हुआ है.

आतंकवाद मानवता के लिए खतरा, 370 भारत का आंतरिक मामला

एक सवाल के जवाब में पीएम मोदी ने कहा कि आतंकवाद और उग्रवाद मानवता के लिए खतरा हैं. यह सबकी जिम्मेदारी है कि वो आतंकवाद और उग्रवाद का विरोध करे. भारत और यूएई ने सुरक्षा के क्षेत्र में तेजी से सहयोग बढ़ाया है. इस दौरान पीएम मोदी ने पाकिस्तान का बिना नाम लिए निशाना साधते हुए कहा कि भारत दशकों से सीमा पार आतंकवाद से पीड़ित है. यूएई ने आतंकवाद के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है. इसके अलावा जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह भारत का आंतरिक मामला है. इसको लोकतांत्रिक तरीके से हटाया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)