Monday , April 27 2026
ताज़ा खबर
होम / राज्य / मध्य प्रदेश / भोपाल के सभी वार्डों में विजयश्री हासिल करेगी भाजपा : सुमित पचौरी

भोपाल के सभी वार्डों में विजयश्री हासिल करेगी भाजपा : सुमित पचौरी

– नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भोपाल जिले की बैठक प्रदेश कार्यालय में संपन्न

आम सभा, भोपाल। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भोपाल जिले की बैठक संपन्न हुई। बैठक को प्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग, पार्टी के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, जिला प्रभारी महेन्द्र सिंह यादव, नगरीय निकाय चुनाव के भोपाल नगर एवं ग्रामीण प्रभारी जोधा सिंह अटवाल ने संबोधित किया।

जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जिस प्रकार से कार्यकर्ताओं के परिश्रम से प्रदेश में बूथ विस्तारक योजना ने सफलता अर्जित की है। उसी प्रकार कड़ी मेहनत और प्रबंधन से भोपाल जिले के सभी वार्डों में भारतीय जनता पार्टी विजय हासिल करेगी, क्योंकि पार्टी का संगठन तंत्र ही हमारी ताकत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की विकासोन्मुखी योजनाओं को प्रत्येक हितग्राही तक पहुंचाकर पार्टी के प्रत्याशी को विजयी बनायेंगे। हमारे कार्यकर्ता चुनाव जीतने के लिए 24 घंटे मैदान में रहते हैं।

प्रदेश के मंत्री विश्वास सारंग ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता केवल दल के लिए नहीं बल्कि देश के लिए काम करते हैं, इसलिए भाजपा के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है। भाजपा ने हमेशा राष्ट्रहित और लोकहित के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि जो जितना सक्रिय रहेगा वह उतना ही आगे बढ़ेगा। सक्रियता के साथ हम पार्टी द्वारा दिए गए कार्यक्रमों को निचले स्तर तक पहुंचाकर उसका लाभ जनता को दें। श्री सारंग ने बैठक में नगरीय निकाय चुनाव में जीत के गुण बतायें।

पार्टी के प्रदेश महामंत्री भगवान दास सबनानी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व प्रारंभ से ही सभी समाज वर्गो को आगे लाने के लिए प्रतिबद्ध है। सबका साथ, सबका विकास के मूलमंत्र पर हम काम करते है।

जिला प्रभारी महेन्द्र सिंह यादव ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता हर बूथ पर कांग्रेस की असलियत जनता के सामने रखेंगे। हमें पूर्ण विश्वास है कि चुनाव में कार्यकर्ताओं के परिश्रम के बल पर भारतीय जनता पार्टी नगरीय निकाय चुनाव में इतिहास बनायेगी।

नगरीय निकाय चुनाव के भोपाल नगर एवं ग्रामीण प्रभारी श्री जोधा सिंह अटवाल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जिले में संगठन की विभिन्न समितियां बनाकर हितग्राही सम्मेलन, युवा सम्मेलन, नव मतदाता सम्मेलनों का आयोजन किया जायेगा, जिससे चुनाव में निश्चित ही विजयश्री हासिल होगी।

बैठक में पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती सीमा सिंह, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश प्रवक्ता सुश्री नेहा बग्गा, पूर्व सांसद आलोक संजर, पूर्व विधायक धु्रवनारायण सिंह, विकास विरानी, जिला महामंत्री जगदीश यादव, कृष्णमोहन सोनी, रामदयाल प्रजापति, कृष्णा घाडगे मंचासीन थे। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी, मोर्चा के जिला अध्यक्ष, प्रकोष्ठ के जिला संयोजक, मंडल अध्यक्ष, मंडल संयोजक एवं बूथ अध्यक्ष उपस्थित थे। मंच का संचालन जिला महामंत्री किशन सूर्यवंशी ने किया एवं आभार जिला उपाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह राजपूत ने किया। उक्त आशय की जानकारी जिला मीडिया प्रभारी राजेन्द्र गुप्ता ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)