
भोपाल। अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में महिला बैंककर्मी से सहकर्मी द्वारा दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर करीब ढाई साल शारीरिक संबंध बनाए फिर किसी और से शादी कर ली। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 28 साल की युवती मूलत: जबलपुर की रहने वाली है। वह भोपाल में रहकर एक निजी बैंक में नौकरी करती है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके साथ काम करने वाले युवक से उसकी दोस्ती थी। युवक ब्यावरा जिला राजगढ़ का रहने वाला है। दोनों एक ही बैंक में साथ काम करते थे। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि अगस्त 2019 में युवक ने उसे अशोका गार्डन स्थित अपने किराए के मकान पर बुलाया और शारीरिक संबंध बनाए। युवती ने जब युवक का विरोध किया तो वह कहने लगा कि जल्द ही शादी कर लेंगे। इसके बाद दोनों की अलग-अलग स्थानों पर पोस्टिंग हो गई, लेकिन युवक उससे मिलने आता रहा और शारीरिक संबंध बनाता रहा। कुछ समय पहले युवती को पता चला कि युवक की किसी दूसरी युवती से शादी कर रहा है। इसको लेकर उसने बात की तो युवक ने कहा कि वह घर वालों को मना लेगा और उसी के साथ शादी करेगा। करीब एक महीने पहले युवक ने दूसरी युवती से शादी कर ली, जिसके बाद पीड़िता ने घटना की शिकायत अशोका गार्डन पुलिस से की।
Dainik Aam Sabha