
ग्वालियर : मध्यप्रदेश के ग्वालियर में सोमवार को भारतीय वायुसेना के एक जवान ने अपनी सर्विस राइफल से कथित रूप से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि यह घटना भारतीय वायुसेना के ग्वालियर स्थित महाराजपुरा स्टेशन में हुई और घटना के वक्त वह वहां वॉच टॉवर में ड्यूटी पर तैनात था।
महाराजपुरा इलाके के नगर पुलिस अधीक्षक रवि भदौरिया ने बताया, ‘‘महाराजपुरा इलाके में स्थित वायुसेना अड्डे के वॉच टॉवर में सोमवार की सुबह जब एक जवान अपनी ड्यूटी पर पहुंचा तो उसने देखा की वहां तैनात जवान का शव टॉवर की सीढ़ियों पर पड़ा हुआ था और उसकी सर्विस राइफल इंसास उसके सीने से सटी हुई थी।”
उन्होंने कहा कि सुबह की ड्यूटी करने आए जवान ने अपने अधिकारियों को इसकी सूचना दी और बाद में वायुसेना प्रशासन ने इस मामले की खबर पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पहुंचा दिया। भदौरिया ने बताया कि जिस प्रकार से शव की स्थिति घटनास्थल पर मिली थी, उससे यही लग रहा है कि उसने आत्महत्या की है। उन्होंने कहा कि मृत जवान पंजाब के कपूरथला जिले का रहने वाला था और उसके परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है। भदौरिया ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।
Dainik Aam Sabha