Friday , March 13 2026
ताज़ा खबर
होम / राज्य / मध्य प्रदेश / इंदौर में खाने के पार्सल के लिए जोमैटो कर्मचारी की हत्या, दो युवक गिरफ्तार

इंदौर में खाने के पार्सल के लिए जोमैटो कर्मचारी की हत्या, दो युवक गिरफ्तार

इंदौर : इंदौर में पुलिस ने जोमैटो के 20 वर्षीय एक कर्मचारी की हत्या खाने के पार्सल और धन लूटने के लिए किये जाने का दावा करते हुए दो नशेड़ी युवकों को मंगलवार को गिरफ्तार किया। इस सनसनीखेज वारदात में कथित रूप से शामिल चार नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि खाने के पार्सल को ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए मोटरसाइकिल से जा रहे जोमेटौ कर्मचारी सुनील वर्मा (20) की बाणगंगा थाना क्षेत्र में 29 जुलाई की देर रात छुरा घोंपकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) धर्मेंद्र सिंह भदौरिया ने संवाददाताओं को बताया कि जोमैटो कर्मचारी की हत्या के आरोप में विशाल मेवाड़ी (19) और और अर्जुन गुदरांत (20) को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी वारदात के दौरान चार नाबालिग लड़कों के साथ सुनसान और अंधेरे इलाके में शराब, गांजे और एक सॉल्यूशन का नशा कर रहे थे। भदौरिया ने बताया,‘‘वारदात के वक्त आरोपियों का ध्यान जोमैटो कर्मचारी वर्मा की मोटरसाइकिल के पीछे लगे उस बैग को छीनने पर केंद्रित था जिसमें खाने के पार्सल थे।

उन्होंने इस कर्मचारी को रोककर उस पर छुरे से वार किए और उससे इस बैग के साथ ही 4,000 रुपये से भरा बटुआ भी लूट लिया।” बाणगंगा थाने के प्रभारी राजेंद्र सोनी ने बताया कि पुलिस को घटनास्थल पर जोमैटो कंपनी का टूटा बैग मिला था जिससे पता चला कि वर्मा ने खाने के पार्सल छीन रहे हत्यारों से संघर्ष किया था। सोनी ने बताया कि घायल होने के बावजूद वर्मा खुद मोटरसाइकिल चलाकर एक निजी अस्पताल पहुंचा था तथा बाद में उसे एक सरकारी अस्पताल भेजा गया था, लेकिन चाकू के गंभीर घावों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)