मुंबई:
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने इस्लामिक स्टेट के मॉड्यूल से जुड़े मामले में शनिवार को हैदराबाद में दो स्थानों तथा महाराष्ट्र के वर्धा में छापेमारी की। पुलिस ने बताया कि छापेमारी सुबह शुरू हुई और तलाशी अभी भी जारी है। एनआईए ने अगस्त 2018 में कथित तौर पर आईएस के प्रति सहानुभूति रखने वाले मोहम्मद अब्दुल्ला बासित और मोहम्मद अब्दुल कादीर को शहर से गिरफ्तार किया था। उन्हें प्रतिबंधित अंतरराष्ट्रीय संगठन की ओर से आतंकवादी हमले करने के लिए भारतीय युवाओं को कट्टरपंथी बनाने को लेकर शुरू हुई जांच के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने कहा, ‘इस साल फरवरी में इनके खिलाफ अनुपूरक आरोपपत्र दायर किया गया था जिसके बाद और ताजा सूचनाओं के आधार पर इस मॉड्यूल के संबंध में छापे मारे गए।’ साइबराबाद पुलिस आयुक्त कार्यालय के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘एनआईए की टीमें आईएस के एक मॉड्यूल के मामले में यहां दो स्थानों पर तलाशी ले रही है।’ हालांकि, उन्होंने विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया।
11 जनवरी को यूपी के अमरोहा, लखनऊ, मेरठ और हापुड़ सहित करीब 17 स्थानों पर छापेमारी की गई थी, जिस दौरान 10 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया था एनआईए ने इस मॉड्यूल के कथित सरगना मुफ्ती मोहम्मद सोहैल को भी हिरासत में लिया था।
आपको बता दें कि इसी साल जनवरी में महाराष्ट्र आतंक निरोधी दस्ते (ATS) ने 9 लोगों को गिरफ्तार किया था। एटीएस के मुताबिक गिरफ्तार लोगों का आईएसआईएस की तरफ झुकाव है। संदिग्ध लोगों की गिरफ्तारी के लिए महाराष्ट्र के पांच अलग अलग जगहों पर छापेमारी की गई थी जिसमें मुंब्रा, थाने और औरंगाबाद शामिल हैं। एटीएस का कहना है कि गिरफ्तार लोगों के पास से तमाम संवेदनशील जानकारी मिली है।
Dainik Aam Sabha