Saturday , July 27 2024
ताज़ा खबर
होम / मध्य प्रदेश / मध्यप्रदेश / जिन किसानों ने गेहूँ नहीं बेचा, उनसे गेहूँ खरीदा जाएगा – मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान

मध्यप्रदेश / जिन किसानों ने गेहूँ नहीं बेचा, उनसे गेहूँ खरीदा जाएगा – मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान

आम सभा, भोपाल : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश के किसानों से गेहूँ खरीदने का कार्य पूर्णता की ओर है। अब तक 14 लाख 82 हजार किसानों से 113 लाख 47 हजार मीट्रिक टन गेहूँ की खरीदी की जा चुकी है। किसानों का गेहूँ खरीदने के लिए एस.एम.एस. भेजने की व्यवस्था का आवश्यकतानुसार आगे भी उपयोग किया जाएगा। अधिकांश जिलों में खरीदी लगभग पूर्ण हो गई है। इसके अलावा शेष जिलों के उन किसानों से जिन्होंने गेहूँ नहीं बेचा है, गेहूँ खरीदने की व्यवस्था की जाएगी। प्रदेश में 23 मई को एक दिन में 20 हजार 643 किसानों से 2 लाख 63 हजार मेट्रिक टन गेहूँ उपार्जित किया गया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मंत्रालय से वीडियो कान्फ्रेंसिंग द्वारा प्रदेश में गेहूँ उपार्जन की अद्यतन जानकारी प्राप्त की। प्रमुख सचिव खाद्य, नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण श्री शिवशेखर शुक्ला ने बताया कि 24 मई तक किसानों से उपार्जित गेहूँ में से 94.78 लाख मीट्रिक टन गेहूँ का सुरक्षित परिवहन कर गोदामों में भंडारण कर लिया गया है। यह कुल उपार्जित गेहूँ का 84 प्रतिशत है। श्री शुक्ला ने बताया कि प्रदेश में 124 लाख मीट्रिक टन गेहूँ उपार्जन का अनुमान है। भंडारण के लिए गोदामों में 119 लाख मीट्रिक टन क्षमता उपलब्ध है। इसके अलावा 8 लाख मीट्रिक टन सायलो उपलब्ध है। करीब 11 लाख किसानों के खातों में 13 हजार 127 करोड़ की राशि जमा करवा दी गई है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में 26 मई तक उपार्जन तिथि निर्धारित की गई थी। आधे से अधिक जिलों में खरीदी कार्य लगभग पूरा हो गया है।

वीडियो कान्फ्रेंस में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बारदाना व्यवस्था और उपार्जन कार्य में सोशल डिस्टेंसिंग के पालन के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)