Sunday , February 15 2026
ताज़ा खबर
होम / राज्य / मध्य प्रदेश / जब तक भारत दुनिया में नं.1 न बन जाये, हमें आराम करने का अधिकार नहीं : मुरलीधर राव

जब तक भारत दुनिया में नं.1 न बन जाये, हमें आराम करने का अधिकार नहीं : मुरलीधर राव

*प्रदेश प्रभारी ने जिला बैठक में कहा-जब तक लक्ष्य पूरे न हो जायें, भाजपा की सरकार जरूरी

आम सभा, भोपाल।

देश और प्रदेश में अनेक ऐसे काम हुए हैं, जो हमारी सरकारों के न रहने पर संभव नहीं थे। चाहे प्रदेश में सड़क, बिजली, पानी की बात हो या देश में धारा 370, तीन तलाक जैसे मुद्दे हों, हमारी सरकारों ने ही इनकी दिशा में काम किया है। लेकिन अभी एक और बड़ा काम बाकी है, वो है भारत को दुनिया में नं.1 बनाना। इसके लिए अगले 25 सालों तक पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक भारतीय जनता पार्टी की सरकार चाहिए। जब तक यह लक्ष्य हासिल नहीं हो जाता, हमें आराम करने का कोई अधिकार नहीं है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने शुक्रवार को प्रदेश कार्यालय में भोपाल जिले की बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक को प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी एवं जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी ने भी संबोधित किया। प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने भोपाल मध्य विधानसभा की बैठक को भी संबोधित किया।
*सरकारों के कामों को कंठस्थ कर ले प्रत्येक कार्यकर्ता*
प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि देश, प्रदेश और भोपाल जिले में हमारी सरकारों के आने के बाद अनेक काम हुए हैं। अगर याद न रखा जाए, तो लोग उन कामों को भूल जाते हैं। इसलिए पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता उन कामों को कंठस्थ कर ले और जहां भी अवसर मिले, उनकी चर्चा जरूर करे। राव ने कहा कि चुनाव नजदीक है, ऐसे में जिला और मंडल से लेकर प्रत्येक स्तर की बैठकें नियमित रूप से हों तथा अलग-अलग स्थानों पर हो। इससे पार्टी के पक्ष में वातावरण बनेगा साथ ही कार्यकर्ताओं को भी अनुभव मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमें यह ध्यान रखना होगा कि पार्टी के सभी पदाधिकारी पूरी जिम्मेदारी से काम करें और हर कार्यकर्ता या पदाधिकारी के पास कोई न कोई दायित्व अवश्य हो। राव ने कहा कि सोशल मीडिया आज संपर्क और संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी सोशल मीडिया पर सक्रिय रहें और निरंतर संवाद करें। उन्होंने बूथ विजय संकल्प अभियान की चर्चा करते हुए कहा कि इन्हें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही आयोजित किया जाए तथा क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि आवश्यक रूप से उनमें शामिल हों।
*भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल, कार्यकर्ताओं का परिश्रम ही सफलता दिलाएगा : सबनानी*
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक कार्यकर्ता आधारित दल है। पार्टी आज जहां पर है, उसे वहां तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं के परिश्रम की ही भूमिका रही है और आने वाले समय में भी कार्यकर्ता ही उसे सफलता दिलाएंगे। सबनानी ने कहा कि हमने स्व. कुशाभाऊ ठाकरे जी की जयंती पर बूथ विस्तारक अभियान शुरू किया था, जिसकी चर्चा पूरे देश में होती है। बूथ विस्तारक अभियान-2 का कुछ काम बचा है, उसे भी हम जल्द ही पूरा कर लेंगे। उन्होंने बूथ विजय संकल्प अभियान की चर्चा करते हुए कहा कि इसके कार्यक्रम में सभी कार्यकर्ता क्लस्टर स्तर पर एकत्र होंगे। साथ खेलेंगे, साथ भोजन करेंगे और एक साथ बूथ पर जीत हासिल करने का संकल्प लेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर 30 मई से 30 जून तक कार्यक्रम चलाया जाएगा। सबनानी ने कहा कि ये चुनाव का समय है और पार्टी के सभी कार्यक्रम कहीं न कहीं चुनाव केंद्रित हैं। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता इन कार्यक्रमों में पूरी गंभीरता के साथ सहभागिता करे, अपनी भूमिका का निर्वाह करे।
*हमें कांग्रेस के षडयंत्रों से मिलकर लड़ना है : सुमित पचौरी*
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुमित पचौरी ने कहा कि पार्टी ने अपनी स्थापना के समय से ही कई संघर्षों का सामना किया है। राजनीति के क्षेत्र में आज भी कई समस्याएं हैं, संघर्ष हैं, लेकिन हर कार्यकर्ता को अपना काम पूरे मनोयोग से करते रहना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ षडयंत्र करना जानती है और वह आज भी वही कर रही है। उनकी कोशिश होती है कि भाजपा का काम करने वाले लोगों को किस तरह परेशान किया जाए, हतोत्साहित किया जाए। प्रदेश में 15 महीने के लिए जब कांग्रेस की सरकार आई थी, तो भाजपा कार्यकर्ताओं पर झूठे केस लाद दिए गए थे। हमें कांग्रेस के इन षडयंत्रों का मुकाबला मिलकर करना है। उन्होंने बूथ विस्तारक अभियान-2 की चर्चा करते हुए कहा कि जिले में लगभग 90 प्रतिशत काम पूरा हो गया है, जो बचा है, उसे भी जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में पार्टी की ओर से अनेक कार्यक्रम आने वाले हैं। हमें प्रेमपूर्वक और सामंजस्य से काम करते हुए उन कार्यक्रमों को नीचे स्तर तक ले जाना है। बैठक का संचालन रविंद्र यति ने किया एवं आभार प्रदर्शन जगदीश यादव ने माना।
इस दौरान बैठकों में प्रशिक्षण विभाग के प्रदेश संयोजक विजय दुबे, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, जिला प्रभारी महेन्द्र यादव, इलेक्ट्रानिक विकास निगम अध्यक्ष शैतान सिंह पाल, व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विकास बोन्द्रिया, स्वच्छ भारत अभियान के प्रदेश संयोजक सुरजीत सिंह चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष विकास विरानी, बीडीए उपाध्यक्ष सुनील पाण्डे, नगर निगम अध्यक्ष एवं जिला महामंत्री श्री किशन सूर्यवंशी मंचासीन थे। बैठक में जिला पदाधिकारी, मोर्चा जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष, प्रकोष्ठ के जिला संयोजक, मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)