मोतिहारी
राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (आरएलएसपी) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने शनिवार को इशारों ही इशारों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) पर फिर निशाना साधा है। कुशवाहा ने कहा है कि जब नाश मनुष्य पर छाता है तो पहले विवेक मर जाता है।
बिहार के पूर्वी चंपारण जिले में आरएलएसपी के एक नेता की हत्या के बाद उनके परिजनों से मिलने पहुंचे कुशवाहा ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए इशारों ही इशारों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह पर निशाना साधा। पत्रकारों द्वारा लोकसभा चुनाव के सीट बंटवारे को लेकर दोनों नेताओं द्वारा समय नहीं दिए जाने के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘उन्होंने क्यों समय नहीं दिया, इसका उत्तर तो वही दे सकते हैं लेकिन दिनकर के शब्दों में- जब नाश मनुष्य पर छाता है तो पहले विवेक मर जाता है।’
‘लोगों की राय जानने के बाद लिया जाएगा फैसला’
उन्होंने कहा, ‘आगामी 4 दिसंबर से 6 दिसंबर तक पश्चिमी चंपारण के वाल्मीकि नगर में पार्टी का चिंतन शिविर आयोजित किया गया है। यहां कार्यकर्ताओं की राय जानने के बाद पार्टी अगले कदम की घोषणा करेगी।’ उल्लेखनीय है कि काराकाट के सांसद कुशवाहा ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर 30 नवंबर तक का अल्टिमेटम दिया था। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का समय मांगा था।
इससे पहले भी कुशवाहा ने इस मामले को लेकर बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह से मिलने की कोशिश की थी। इधर, कुशवाहा ने लगातार आरएलएसपी के नेताओं और कार्यकर्ताओं की हत्या पर बिहार में नीतीश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘यह कैसा सुशासन है, जहां प्रतिदिन लोगों की हत्याएं हो रही हैं।’ उन्होंने आरएलएसपी के पकड़ीदयाल प्रखंड अध्यक्ष प्रेमचंद्र गुप्ता की हत्या पर चिंता प्रकट करते हुए अपराधियों को गिरफ्तार कर त्वरित मुकदमा चलाने की मांग की।
Dainik Aam Sabha