Sunday , February 22 2026
ताज़ा खबर
होम / देश / उन्नाव रेप केस: विधायक कुलदीप सेंगर पर 16 दिसंबर को कोर्ट सुनाएगा फैसला

उन्नाव रेप केस: विधायक कुलदीप सेंगर पर 16 दिसंबर को कोर्ट सुनाएगा फैसला

भाजपा के निष्कासित विधायक कुलदीप सिंह सेंगर द्वारा 2017 में उन्नाव में एक युवती को अगवा किए जाने और उससे दुष्कर्म के मामले में तीस हजारी कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया है. इस मामले में कोर्ट का फैसला 16 दिसंबर को आ सकता है. उन्नाव रेप केस में विधायक कुलदीप सिंह सेंगर और शशि सिंह पर कोर्ट फैसला सुनाएगा.

इस केस में अगर कुलदीप सिंह सेंगर पर दोष सिद्ध होता है तो उन्हें उम्र कैद की सजा सुनाई जा सकती है. शशि सिंह पर आरोप है कि वे पीड़िता को विधायक कुलदीप सेंगर के पास लेकर गई थीं, जहां कथित तौर पर कुलदीप सेंगर ने पीड़िता के साथ रेप किया था.

इस पूरे मामले में 5 एफआईआर दर्ज हैं, जिसमें 16 दिसंबर को फैसला आ सकता है.

बता दें कि अन्य 4 मामलों में भी सुनवाई अभी चल रही है. इस मामले में दूसरी एफआईआर पीड़िता के साथ हुए गैंगरेप को लेकर दर्ज की गई थी. जबकि तीसरी एफआईआर पीड़िता के पिता के साथ मारपीट और फिर पुलिस कस्टडी में हुई उसकी मौत से जुड़ी है.

इसके अलावा पांचवां और आखिरी एफआईआर पीड़िता के साथ हुई कार एक्सीडेंट से जुड़ी हुई है, इसमें पीड़िता के परिवार की महिलाओं की जान भी चली गई थी और पीड़िता भी बुरी तरह जख्मी हो गई थी.

इससे पहले 2 दिसंबर को कोर्ट ने दुष्कर्म के इस मामले में अंतिम दलीलें सुनने की कार्यवाही सोमवार को शुरू की थी. उन्नाव दुष्कर्म पीड़िता की ओर से पेश वकील धर्मेंद्र मिश्रा ने बताया था कि जिला जज धर्मेश शर्मा ने बंद कमरे में हो रही सुनवाई में बचाव पक्ष के गवाहों के बयान रिकॉर्ड किए और सीबीआई की दलीलें सुनना शुरू किया.

वकील ने बताया कि अदालत ने अभियोजन के 13 गवाहों और बचाव पक्ष के नौ गवाहों के बयान रिकॉर्ड किए थे. पीड़िता का परिवार एम्स के जय प्रकाश नारायण एपेक्स ट्रॉमा सेंटर के हॉस्टल में रह रहा है, जबकि अदालत ने दिल्ली महिला आयोग को उनके लिए राष्ट्रीय राजधानी में किराए के आवास की व्यवस्था करने को कहा था.

वकील ने बताया कि अदालत ने सीबीआई के जांच अधिकारी को दुष्कर्म पीड़िता के परिवार से संपर्क करने और सात दिन के भीतर एक रिपोर्ट दाखिल करने को कहा था कि क्या उन्हें किराये के मकान में स्थानांतरित कर दिया गया.

सेंगर ने युवती को कथित तौर पर अगवा कर लिया था और उससे बलात्कार किया था. युवती उस समय नाबालिग थी. अदालत ने मामले में सह आरोपी शशि सिंह के खिलाफ भी आरोप तय किए हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)