नई दिल्ली
केंद्र में नई सरकार के गठन के बाद 17 को पहले संसद सत्र की शुरुआत होगी और सत्र के सुचारू रूप से चलने में सहयोग की मांग को लेकर संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने शुक्रवार को यूपीए की चेयरपर्सन सोनिया गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की। यह मुलाकात मिनट चली जिसमें कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेंद्र तोमर और संसदीय कार्य राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी मौजूद थे।
जोशी ने सोनिया के आवास में हुई बैठक के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘सोनिया गांधी के साथ हमारी बैठक बहुत सौहार्दपूर्ण रही। हमने संसद की सुचारू कार्यप्रणाली के लिए उनका सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि उन्हें (विपक्ष को) भी सत्ता पक्ष के सहयोग की आवश्यकता है। मैंने उन्हें बताया कि सरकार सहयोग करने के लिए हमेशा तैयार है।’
संसद के सत्र से पहले, संसदीय मामलों पर मंत्रिमंडल की समिति शुक्रवार शाम को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास पर मुलाकात करेगी। सिंह समिति की बैठक की अध्यक्षता करेंगे जिसके सदस्यों में गृह मंत्री अमित शाह भी शामिल हैं। 17वीं लोकसभा का पहला सत्र 26 जुलाई तक चलेगा और बजट 5 जुलाई को पेश होगा।
सूत्रों ने बताया कि जोशी का सोनिया गांधी के आवास पर जाना विपक्ष से तालमेल बैठाने की सरकार की कवायद का हिस्सा है। यह बैठक करीब 15 मिनट चली। जोशी ने राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद और लोकसभा में द्रमुक के नेता टी आर बालू से भी मुलाकात की। सरकार बजट पेश करने के अलावा तीन तलाक पर प्रतिबंध समेत 10 नए अध्यादेशों को कानून में बदलने की योजना भी बना रही है। पहले दो दिन नए सांसद शपथ ग्रहण करेंगे। लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव 19 जून को होगा।
Dainik Aam Sabha