Sunday , March 8 2026
ताज़ा खबर
होम / खेल / टीम इंडिया के ये 5 खिलाड़ी फाइनल में कर सकते हैं धमाका, सूर्या के लिए साबित होंगे ‘ब्रह्मास्त्र’

टीम इंडिया के ये 5 खिलाड़ी फाइनल में कर सकते हैं धमाका, सूर्या के लिए साबित होंगे ‘ब्रह्मास्त्र’

नई दिल्ली
न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत के 5 ऐसे खिलाड़ी हैं, जो तबाही मचा सकते हैं। ये 5 खिलाड़ी ऐसे हैं, जो अपने दम पर टीम इंडिया को ट्रॉफी दिलाने की ताकत रखते हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए ये 5 प्लेयर्स फाइनल में ब्रह्मास्त्र साबित हो सकते हैं। इसमें जसप्रीत बुमराह से लेकर संजू सैमसन तक का नाम शामिल है। बता दें कि फाइनल मैच रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। ऐसे में आइए आपको उन 5 प्लेयर्स के नाम बताते हैं, जो अकेले दम पर टीम इंडिया को ट्रॉफी दिला सकते हैं।

भारत के इन 5 खिलाड़ियों पर होंगी नजरें-
1. जसप्रीत बुमराह

भारत के दिग्गज तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह वर्ल्ड कप 2026 में टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ा हथियार साबित हुए हैं। उन्होंने 7 मैचों में 6.62 की इकोनॉमी के साथ रन खर्च करते हुए 10 विकेट अपने नाम किए हैं। बुमराह विश्व कप में सबसे कम इकोनॉमी के साथ रन खर्च करने वाले गेंदबाज हैं। ऐसे में वे भारत को अपने दम पर मुकाबला जिता सकते हैं।

2. संजू सैमसन
विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को वर्ल्ड कप के शुरूआती मैचों में खेलने का मौका नहीं मिला था। हालांकि, जिम्बाब्वे के खिलाफ सुपर-8 उन्होंने वापसी की। इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ नाबाद 97 रनों की पारी खेलकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाया। सेमीफाइनल में भी इंग्लैंड के खिलाफ 89 रनों की पारी खेली। वे पिछले दोनों मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच रहे हैं। ऐसे में फाइनल मुकाबले में भी संजू बल्ले से तबाही मचा सकते हैं।

3. हार्दिक पांड्या
ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या इस समय बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं। उन्होंने सेमीफाइनल मैच में 12 गेंदों पर 27 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी। इसके अलावा गेंद के साथ 19वें ओवर में 9 रन खर्चे थे और भारत को फाइनल में पहुंचाने के लिए अहम भूमिका निभाई थी। हार्दिक टूर्नामेंट में अब तक दो अर्धशतक लगा चुके हैं और फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया के लिए मैच विनर साबित हो सकते हैं।

4. शिवम दुबे
शिवम दुबे ऐसे खिलाड़ी हैं, जो मध्य क्रम में स्पिनर्स के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हैं। इसके अलावा वे तेज गेंदबाजों के खिलाफ भी शॉट्स खेलते हैं। शिवम ने इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भी 43 रन बनाए थे। इससे पहले भी वे नीदरलैंड्स के खिलाफ अर्धशतक लगा चुके हैं। दुबे बेहतरीन फॉर्म में चल रहे हैं और टीम इंडिया को अपने दम पर मैच जिताने की ताकत रखते हैं।

5. ईशान किशन
ईशान किशन इस समय बेहतरीन फॉर्म से गुजर रहे हैं। वे टूर्नामेंट में दो अर्धशतक लगा चुके हैं। इसके अलावा सेमीफाइनल मैच में भी 18 गेंदों पर 39 रनों की पारी खेली थी। वे पहले अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरूआत कर रहे थे लेकिन अब तीसरे नंबर पर बैटिंग के लिए आते हैं। हालांकि, किशन की आक्रामक बल्लेबाजी भारतीय टीम को फायदा पहुंचा सकती है।