भोपाल
प्रदेश में नए शैक्षणिक सत्र वर्ष 2026-27 की शुरुआत बुधवार से “स्कूल चलें हम” अभियान के साथ होगी। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा संचालित यह अभियान चार अप्रैल तक चलेगा। अभियान का राज्य स्तरीय कार्यक्रम टीटी नगर स्थित मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उपस्थिति में सुबह 10 बजे इसकी औपचारिक शुरुआत होगी। जिला स्तर पर भी स्कूलों में प्रवेशोत्सव कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकों का वितरण और नामांकन पर विशेष जोर
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य-पुस्तकों का वितरण किया जाएगा, ताकि सत्र की शुरुआत से ही पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा न आए। साथ ही अभिभावकों का स्वागत कर उन्हें विद्यालय से जोड़ा जाएगा। विभाग ने इस संबंध में सभी जिले के कलेक्टरों और जिला शिक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। इस दौरान प्रदेश के सरकारी स्कूलों में नामांकन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस अभियान के तहत ऐसे विद्यार्थियों को चिन्हित किया जाएगा, जो किन्हीं कारणों से पढ़ाई करने से वंचित रह गए हैं। बता दें कि प्रदेश में करीब 92 हजार सरकारी स्कूल संचालित हैं, जिनमें करीब 85 लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
भविष्य से भेंट और अन्य गतिविधियां
अभियान के दूसरे दिन 'भविष्य से भेंट' कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के सफल व्यक्ति विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और उन्हें प्रेरित करेंगे। तीसरे दिन विद्यालयों में सांस्कृतिक और खेल-कूद गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस दौरान अभिभावकों को शिक्षा विभाग की योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और 85 प्रतिशत से अधिक उपस्थिति वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों को सम्मानित किया जाएगा।
असफल विद्यार्थियों पर विशेष फोकस
अभियान के अंतिम दिन “हार के आगे जीत” पहल के तहत उन विद्यार्थियों को चिन्हित किया जाएगा, जो कक्षोन्नति में असफल रहे हैं। अभिभावकों को बच्चों को पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। साथ ही शाला प्रबंधन समितियों की बैठक आयोजित कर शत-प्रतिशत नामांकन और नई कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी।
Dainik Aam Sabha