हैदराबाद:
आगामी तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस और तेलगु देशम पार्टी (टीडीपी) की ओर से घोषित उम्मीदवारों की पहली सूची को लेकर असंतोष उभर गया है क्योंकि टिकट पाने में असफल रहे आकांक्षियों के समर्थकों की ओर से मंगलवार को प्रदर्शन किए गए.
पूर्व प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष एवं मंत्री रह चुके पी लक्ष्मैया दिल्ली रवाना हुए क्योंकि उनका नाम पहली सूची में नहीं था. कांग्रेस ने सोमवार को देर रात 65 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी.
हैदराबाद में सेरीलिंगमपल्ली सीट से पूर्व विधायक बिकशापति यादव निराश थे क्योंकि उनकी सीट कांग्रेस नीत गठबंधन की सहयोगी पार्टी टीडीपी को आवंटित कर दी गई है. उन्होंने कहा कि वह विधानसभा क्षेत्र में पदयात्रा कर चुके थे. उन्होंने सवाल किया कि पार्टी के लिए काम करने के लिए क्या यह इनाम मिलता है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पहले कहा था कि चुनाव के समय ‘‘पैराशूट से उतरने वालों” को टिकट नहीं दिया जाएगा लेकिन ‘‘अब क्या हुआ.”
तेलंगाना विधानसभा चुनाव : कांग्रेस ने 65 उम्मीवारों की पहली सूची जारी की
तेलंगाना में 119 सदस्यीय विधानसभा के लिए सात दिसम्बर को होने वाले चुनाव के लिए महागठबंधन का कांग्रेस हिस्सा है. इस गठबंधन में कांग्रेस, टीडीपी, भाकपा और तेलंगाना जन समिति (टीजेएस) शामिल है. कांग्रेस ने अपने सहयोगी दलों के लिए 25 सीटें छोड़ने का निर्णय किया है जिसमें टीडीपी के लिए 14, टीजेएस के लिए आठ और भाकपा के लिए तीन सीटें हैं. टीडीपी ने भी नौ उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची सोमवार को देर रात जारी की थी.
Dainik Aam Sabha