Friday , March 20 2026
ताज़ा खबर
होम / देश / गुजरात में सिलसिलेवार बम धमाकों की धमकी देने का आरोपी हिरासत में

गुजरात में सिलसिलेवार बम धमाकों की धमकी देने का आरोपी हिरासत में

बलिया : गणतंत्र दिवस पर गुजरात के अहमदाबाद में सिलसिलेवार बम विस्फोट की धमकी देने के मामले में गुजरात पुलिस ने बलिया के मनियर क्षेत्र से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। आरोपी के परिजनों ने उसे झूठे मामले में फंसाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि गुजरात पुलिस की तीन सदस्यीय टीम ने शुक्रवार की रात मनियर थाना क्षेत्र के देवरार गांव से ओम प्रकाश पासवान नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और उसे अपने साथ लेकर चली गयी है।

खबर के अनुसार अहमदाबाद के पुलिस आयुक्त कार्यालय को गत 25 जनवरी को धमकी भरा पत्र मिला था। इस चिट्‌ठी में अहमदाबाद में रेलवे स्टेशन तथा बस स्टैंड समेत विभिन्न स्थानों पर बम विस्फोट करने की धमकी दी गयी थी। उन्होंने बताया कि गुजरात पुलिस ने छानबीन में पाया कि पत्र भेजने वालों में चार लोग शामिल हैं, जिनमें से मुख्य आरोपी बलिया का रहने वाला है। इस आधार पर गुजरात पुलिस शुक्रवार को मनियर थाने पर पहुंची और स्थानीय पुलिस के साथ मनियर थाना क्षेत्र के देवरार जाकर पुलिस टीम ने ओम प्रकाश पासवान को उसके घर से पकड़ लिया। सूत्रों के अनुसार ओम प्रकाश गुजरात के अहमदाबाद शहर में नौकरी करता था और वह वहां से तीन दिन पहले ही गांव आया था।

पुलिस का कहना है कि उसका यहां कोई अपराधिक रिकार्ड नहीं है। इस बीच, हिरासत में लिए गए ओम प्रकाश पासवान के परिजनों ने ओम प्रकाश को निर्दोष करार देते हुए आरोप लगाया है कि उसे फंसाया जा रहा है। पासवान की मां सुरसती देवी ने शनिवार को बताया कि उनका बेटा अहमदाबाद से ट्रेन से 24 जनवरी को गांव पहुंचा था और 25 जनवरी की रात को पुलिस उनके घर पहुंची और उसे थाने ले गई। उसके बाद 27 जनवरी को गुजरात पुलिस आई और उसे अपने साथ लेकर चली गई। उन्होंने कहा कि उनका बेटा आपराधिक चरित्र का नहीं है और उसे फंसाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)