Friday , March 6 2026
ताज़ा खबर
होम / राज्य / मध्य प्रदेश / प्रदेश की बेटी भावना 15 अगस्त को यूरोप के माउंट एल्ब्रुस की चोटी पर फहराएंगी तिरंगा

प्रदेश की बेटी भावना 15 अगस्त को यूरोप के माउंट एल्ब्रुस की चोटी पर फहराएंगी तिरंगा

– एएमडी विवेक श्रोत्रिय ने पर्वतारोही भावना को राष्ट्रीय ध्वज भेंट कर दी शुभकामनाएं

आम सभा, भोपाल : दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह कर मध्यप्रदेश का नाम दुनिया में रोशन करने वाली भावना डेहरिया अब 15 अगस्त को यूरोप की सबसे ऊंची शिखर माउंट एल्ब्रुस रूस (ऊंचाई 18,510 फीट) पर तिरंगा फहराएंगी। आजादी का अमृत महोत्सव के अंतर्गत मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड ने भावना को सहयोग किया है। एएमडी विवेक श्रोत्रिय ने पर्वतारोही भावना को राष्ट्रीय ध्वज भेंट कर सफल होने की शुभकामनाएं दी। हर घर तिरंगा अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने और लोगों में फिटनेस के प्रति जागरूकता फैलाने की बात भी कही।

संस्कृति, पर्यटन और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री सुश्री उषा ठाकुर एवं प्रमुख सचिव पर्यटन विभाग व प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड श्री शिव शेखर शुक्ला के मार्गदर्शन में टूरिज्म बोर्ड द्वारा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। इसी कड़ी में छिंदवाड़ा जिले के तामिया गांव की पर्वतारोही भावना मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के कार्यालय पहुंची।डिप्टी डायरेक्टर एडवेंचर व फिल्म श्री उमाकांत चौधरी ने भी भावना को शुभकामनाएं दी। श्री चौधरी ने बताया कि, टूरिज्म बोर्ड द्वारा प्रदेश में एडवेंचर और ट्रेकिंग के प्रति युवाओं में आकर्षण बढ़ाने हेतु इस तरह के प्रयासों में सहयोग किया जा रहा है।

पर्वतारोही भावना 22 मई 2019 को माउंट एवरेस्ट के शिखर पर फतेह हासिल करने वाली प्रदेश की चुनिंदा महिलाओं में से एक है। साल 2019 में दीपावली के दिन अफ्रीका महाद्वीप का माउंट किलिमंजारो और होली के दिन ऑस्ट्रेलिया महाद्वीप का माउंट कोजिअस्को के सबसे ऊंचे शिखर पर फतह हासिल कर भारत का परचम दुनिया भर में लहराया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)