सतना। विदेश मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की स्टार प्रचारक सुषमा स्वराज ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को विकास पुरुष बताते हुए आज कहा कि श्री मोदी विकाश पुरुष के साथ साथ विश्व का एजेंडा तय करने वाले भारत के पहले प्रधानमंत्री हैं।
श्रीमती स्वराज ने यहां भाजपा प्रत्याशी गणेश सिंह के पक्ष में एक चुनाव सभा का संबोधित करते हुए यह बात कही। इस मौके पर उन्होंने ‘भारत की नारी हूं फूल नहीं चिंगारी हूं’ का नारा देते हुए पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में जनता से वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्री मोदी के खातिर सतना से गणेश सिंह को भारी मतों विजयी बनाए। सभा में श्रीमती स्वराज ने मोदी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को भी गिनाया।
श्रीमती स्वराज वर्ष 2004 और 2009 के आम चुनावों मे भी भाजपा प्रत्याशी गणेश सिंह के पक्ष मे चुनाव प्रचार करने सतना आई थी और आज वे एक बार फिर यहां आयी हैं। सांसद गणेश सिंह ने भी सभा को संबोधित किया और कहा कि श्रीमती स्वराज उनके लिये लकी साबित हुई हैं। सतना संसदीय सीट के लिए भाजपा के गणेश सिंह का मुख्य मुकाबला कांग्रेस प्रत्याशी राजाराम त्रिपाठी से है।