
मास्को : रूसी सेना ने शुक्रवार को घोषणा की कि शनिवार को उसके सामरिक बल बड़े पैमाने पर अभ्यास करेंगे। यह घोषणा पश्चिम की आशंका के बीच की गयी है कि रूस यूक्रेन पर हमला करने की तैयारी कर रहा है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शनिवार को होने वाले अभ्यास की व्यक्तिगत रूप से निगरानी करेंगे। अभ्यास में लंबी दूरी तक मार करने वाली मिसाइलों को भी शामिल किया जाएगा। मंत्रालय ने कहा कि इस अभ्यास की योजना कुछ समय पहले बनायी गयी थी ताकि रूसी सैन्य कमान और सैनिकों की तैयारी के साथ ही अपने परमाणु और पारंपरिक हथियारों की विश्वसनीयता की जांच की जा सके। इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने बृहस्पतिवार को आगाह किया था कि रूस कुछ दिनों के अंदर यूक्रेन पर हमला कर सकता है।
Dainik Aam Sabha