भाजपा की ओर से जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुनावी सभा कराने के बाद अब उनके जवाब में कांग्रेस भी राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की जन सभा करा रही है। राहुल एक दिसंबर को भीलवाड़ा आएंगे और सुखाड़िया स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करेंगे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामपाल शर्मा ने बताया कि जनसभा सुबह 10 बजे होगी। वे तीसरी बार भीलवाड़ा आ रहे हैं। पहली बार वर्ष 1998 में भीलवाड़ा आने पर प्रतापनगर स्कूल ग्राउंड में रामपाल उपाध्याय के समर्थन में जनसभामें भाग लिया था। तब वे कांग्रेस में पदाधिकारी नहीं थे लेकिन सोनिया गांधी के साथ आए थे। तब उनके साथ बहन प्रियंका गांधी भी थीं। इसके बाद वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में शाहपुरा आए थे और वहां पर जनसभा की थी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद गांधी पहली बार भीलवाड़ा आ रहे हैं। आमसभा की तैयारियों के लिए जिलाध्यक्ष रामपाल शर्मा सहित अन्य पदाधिकारियों ने शुक्रवार को सुखाड़िया स्टेडियम का दौरा किया। जिला महासचिव महेश सोनी ने बताया कि सभी विधानसभाओं में सभा की तैयारियों को शुक्रवार को अंतिम रूप दिया गया।
इससे पहले वर्ष 1998 में भीलवाड़ा और 2009 में शाहपुरा आए थे राहुल, सुखाड़िया स्टेडियम में होगी जनसभा
4 गेट से होगी एंट्री… कांग्रेस जिलाध्यक्ष शर्मा ने बताया कि लोगों के जनसभा में जाने के लिए सुखाड़िया स्टेडियम में चार एंट्री गेट बनाए गए हैं। सुरक्षा की दृष्टि से मैटल डिटेक्टर भी जगह-जगह लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि जनसभा में आने वालों के साथ बीड़ी, सिगरेट, माचिस या अन्य किसी भी तरह के ज्वलनशील पदार्थ लाने पर पाबंदी रहेगी।
तैयारियों का जायजा लेते जिलाध्यक्ष रामपाल शर्मा।
पांडे, गहलोत व पायलट भी आएंगे… सभा में कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सचिन पायलट, पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. सीपी जोशी भी जनसभा को संबोधित करेंगे। इनके अलावा जिले की सातों विधानसभा के प्रत्याशी भी मंच पर मौजूद रहेंगे।