Tuesday , March 17 2026
ताज़ा खबर
होम / राज्य / मध्य प्रदेश / मध्य प्रदेश / चोरी के शक में छात्रावास में लड़की को जूतों की माला पहनाकर घुमाया गया

मध्य प्रदेश / चोरी के शक में छात्रावास में लड़की को जूतों की माला पहनाकर घुमाया गया

बैतूल : मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में पैसे चुराने के संदेह में एक छात्रावास अधीक्षक ने पांचवी कक्षा की छात्रा को कथित तौर पर जूतों की की माला पहनाकर छात्रावास में घुमाया जिसके बाद जिला प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। घटना पिछले सप्ताह दमजीपुरा गांव के सरकारी आदिवासी बालिका छात्रावास की है। इसकी शिकायत करने लड़की के परिजन मंगलवार को जिलाधिकारी अमनवीर सिंह बैंस के कार्यालय पहुंचे। शिकायत पर बैंस ने कहा कि उन्होंने जांच के आदेश दे दिए हैं जिसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

आदिवासी मामलों के विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि छात्रावास की महिला अधीक्षक को पद से हटा दिया गया है। लड़की के पिता ने संवाददाताओं से कहा कि उनकी बेटी दमजीपुरा में आदिवासी मामलों के विभाग द्वारा चलाए जा रहे छात्रावास में 5वीं कक्षा की छात्रा है और जब वह उससे मिलने पहुंचे तब उसने उन्हें घटना की जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के चेहरे पर भूत जैसा दिखने वाला मेकअप किया गया और अधीक्षक ने दूसरी लड़की के 400 रुपये चोरी करने के आरोप में उसे जूतों की माला पहनाकर छात्रावास परिसर में घुमाया। उन्होंने कहा कि घटना के बाद उनकी बेटी छात्रावास में रहने को तैयार नहीं है।

आदिवासी मामलों के विभाग की सहायक आयुक्त शिल्पा जैन ने बताया कि शिकायत के बाद छात्रावास अधीक्षक को पद से हटा दिया गया है। मामले में जांच के आदेश दिए गए हैं और इसके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)