Thursday , November 20 2025
ताज़ा खबर
होम / राजनीति / किसी भी दल के पास भाजपा से लड़ने की विचारधारा, मंशा और ताकत नहीं : जे पी नड्डा

किसी भी दल के पास भाजपा से लड़ने की विचारधारा, मंशा और ताकत नहीं : जे पी नड्डा

गुवाहाटी : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने शनिवार को दावा किया कि देश में किसी अन्य दल के पास भाजपा की शक्ति से लड़ने की ‘‘विचारधारा, मंशा और ताकत” नहीं है, जिसका ‘‘उत्कर्ष” जारी है। भाजपा की असम इकाई के नए कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद यहां पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि उनकी पार्टी हर राज्य में ‘परिवार के नेतृत्व वाली सभी पार्टियों’ के खिलाफ लड़ रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘किसी भी पार्टी के पास भाजपा से लड़ने की विचारधारा, मंशा और ताकत नहीं है। कोई भी पार्टी इतनी बड़ी जनसभा नहीं कर सकती, जितनी भाजपा अपने कार्यकर्ताओं की बैठक से कर रही है। इस पार्टी को कोई नहीं रोक सकता।” भाजपा असम के अध्यक्ष भाबेश कलिता ने बृहस्पतिवार को घोषणा की थी कि लगभग 40,000-45,000 बूथ कार्यकर्ता खानापारा के वेटेनरी कॉलेज खेल मैदान में अपने नेताओं को सुनने के लिए इकट्ठा होंगे। जम्मू कश्मीर, पंजाब, उत्तर प्रदेश, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और आंध्र प्रदेश जैसे दर्जनों राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों का उदाहरण देते हुए नड्डा ने कहा, ‘‘हम हर जगह परिवार-उन्मुख पार्टियों के खिलाफ लड़ रहे हैं।”

उन्होंने परिवार संचालित दलों की सूची में ओडिशा के बीजू जनता दल (बीजद) और आंध्र प्रदेश के युवजन श्रमिक रैतू (वाईएसआर) कांग्रेस पार्टी का भी उल्लेख किया, हालांकि इन दोनों पार्टियों ने पहले संसद में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेतृत्व वाली सरकार के कई फैसलों का समर्थन किया था। नड्डा ने दावा किया कि नरेंद्र (नरेंद्र) मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने असम और पूर्वोत्तर को मुख्य धारा में लाया, जबकि कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान केंद्र ने इस क्षेत्र के किसी भी व्यक्ति को ‘‘अलग भूमि के व्यक्ति” के रूप में देखा था।

उन्होंने कहा, ‘‘मोदी ने ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’ शुरू की और सर्बानंद सोनोवाल और हिमंत विश्व शर्मा के नेतृत्व में असम सरकार ने विकास परियोजनाओं को लागू किया। असम और पूर्वोत्तर की तस्वीर आज बदल गई है।” नड्डा ने कहा कि यह क्षेत्र कभी बंद, आंदोलन, उग्रवाद, बम विस्फोट और शवों के लिए जाना जाता था, लेकिन मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व के कारण पूर्वोत्तर में शांति लौट आई है। नड्डा ने यहां पार्टी के नए राज्य कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद दावा किया कि भाजपा एकमात्र ऐसी राष्ट्रीय पार्टी है, जिसे बड़े पैमाने पर फॉलो (सोशल मीडिया पर) किया जाता है क्योंकि यह सिद्धांतों और मूल्यों वाली पार्टी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)