Friday , March 13 2026
ताज़ा खबर
होम / राज्य / मध्य प्रदेश / मध्यप्रदेश / गोकशी के शक में जनजाति समुदाय के दो लोगों की हत्या के मामले में नौ आरोपी गिरफ्तार

मध्यप्रदेश / गोकशी के शक में जनजाति समुदाय के दो लोगों की हत्या के मामले में नौ आरोपी गिरफ्तार

भोपाल : मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के कुरई थाना अंतर्गत सिमरिया गांव में गोकशी के संदेह में लोगों के एक समूह द्वारा जनजातीय समुदाया के दो लोगों की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कांग्रेस विधायक अर्जुन सिंह काकोदिया ने दावा किया कि हमलावरों में बजरंग दल के सदस्य शामिल हैं, जबकि केंद्रीय मंत्री एवं मंडला-सिवनी सीट से भाजपा सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हत्या में बजरंग दल के लोग शामिल हैं। सिमरिया गांव निवासी धानसाय इनवाती और सागर गांव निवासी संपत बत्ती की गोकसी के शक में करीब 15 लोगों ने सोमवार देर रात करीब तीन बजे लाठियों से पीट-पीट कर हत्या कर दी थी। इस हमले में बृजेश बट्टी घायल भी हुआ है।

बुधवार को जारी पुलिस विज्ञप्ति के अनुसार अब तक इन दो हत्याओं के आरोप में पुलिस ने नौ लोगों को गिरफ्तार किया है और तीन अन्य संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है। इस मामले में बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने की कार्रवाई जारी है। विज्ञप्ति के अनुसार गिरफ्तार किये गये लोगों में शेर सिंह (28), अजय साहू (27), वेदांत सिंह चौहान (18), दीपक अवधिया (38), बसंत रघुवंशी (32), रघुनंदन रघुवंशी (20), अंशुल चौरसिया (22), शिवराज रघुवंशी (23) एवं रिंकू पाल (30) शामिल हैं। घटना के विरोध में मंगलवार को करीब छह घंटे तक धरने पर बैठे कांग्रेस विधायक काकोदिया ने दावा किया कि हमलावरों में बजरंग दल के सदस्य शामिल हैं और उन्होंने इस दक्षिणपंथी संगठन पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़ितों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये और सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए।

केंद्रीय मंत्री कुलस्ते ने मंगलवार रात प्रेसवार्ता में कहा कि अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हत्या में बजरंग दल के लोग शामिल हैं। उन्होंने काकोडिया द्वारा मंगलवार को छह घंटे तक जबलपुर-नागपुर राजमार्ग को जाम करने के मामले में कहा कि ऐसे मामले में राजनीति नहीं करनी चाहिए। कुलस्ते ने कहा कि मामले की सक्षम अधिकारी से जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी होगा वह बच नहीं पाएगा। किसी भी संगठन या दल से जुड़े होने पर दोषियों को छोड़ा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)