Sunday , February 22 2026
ताज़ा खबर
होम / विदेश / भारत के साथ व्यापार को बढ़ावा देने के लिये नये पुल का निर्माण करेगा म्यांमार

भारत के साथ व्यापार को बढ़ावा देने के लिये नये पुल का निर्माण करेगा म्यांमार


म्यांमार भारत के सीमावर्ती राज्यों के साथ व्यापार को बढ़ावा देने के लिये मणिपुर में नदी पर नये पुल का निर्माण करेगा। म्यांमार के चिन प्रांत के पथ परिवहन मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि भारत के मणिपुर की सीमा पर स्थित नदी पर नया पुल बनाने की योजना है। मानसॉन्ग नामक इस पुल का निर्माण कार्य दिसंबर में शुरू होगा। इस पुल को मौजूदा झूलते हुए पुल से सटे तिदिम और रीड सीमावर्ती शहरों के निकट बनाया जाएगा।

यह 557 फुट लंबा और 30 फुट चौड़ा कंक्रीट का दो लेन वाला पुल होगा। पथ परिवहन मंत्री यू श्वे हेटे ओई ने कहा कि यह परियोजना तीन वर्ष में पूरी होने की उम्मीद है।मौजूदा पुल 2015 में प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त हो गया था और उसके बाद इस पुल पर से केवल 16 टन वजन वाले वाहनों को जाने की अनुमति है। बारिश के मौसम मेें परिवहन के दौरान कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

वाणिज्य मंत्रालय के अनुसार वित्त वर्ष 2018-19 के दौरान सितंबर तक भारत और म्यांमार के बीच 19.5 करोड़ डॉलर का व्यापार हुआ है। पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले इस वर्ष व्यापार में 5.7 करोड़ डॉलर की वृद्धि हुई है। दोनों देश मुख्यत: तमू, रीड और थानतांग स्थित व्यापार शिविरों के माध्यम से सीमा पार व्यापार करते हैं। दोनों ओर से व्यापार का एक बड़ा हिस्सा जहाजों के माध्यम से किया जाता है।

म्यांमार मुख्य रूप से भारत को फल और सब्जी, मत्स्य और वन्य उत्पादों का निर्यात करता है, जबकि भारत से दवाओं, इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों, मोटर बाइक, सूती धागे, गैर-मिश्र धातु इस्पात और अन्य निर्माण सामग्री का आयात करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)