Friday , March 6 2026
ताज़ा खबर
होम / राज्य / मध्य प्रदेश / मप्र मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष मनोहर ममतानी एवं माननीय सदस्य राजीव कुमार टंडन ने ’चार मामलों में संज्ञान’ लेकर संबंधितों से जवाब मांगा

मप्र मानव अधिकार आयोग के अध्यक्ष मनोहर ममतानी एवं माननीय सदस्य राजीव कुमार टंडन ने ’चार मामलों में संज्ञान’ लेकर संबंधितों से जवाब मांगा

*अस्सी हजार लोगों को नहीं मिली सामाजिक सुरक्षा पेंशन, एक माह सेे इंतजार

आम सभा,भोपाल।

मध्यप्रदेश में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत करीब 80 हजार लोगों को बीते दो माह से राशि नहीं मिल पाई है। इस योजना के तहत हर पात्र व्यक्ति को हर माह पेंशन के रूप में 600 रूपये मिलते हैं। यह राशि पाने के लिये लोग दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं। यह मामला सिर्फ बजट की मंजूरी न होने के चलते अटका हुआ है। करीब एक माह में करीब पांच करोड़ रूपये दिये जाते हैं। निराश्रितों को शासन की योजना के तहत हर माह छह सौ रूपये दिये जाते हैं। इनमें बुजुर्गो से लेकर दिव्यांग शामिल हैं और राजधानी में इनकी संख्या करीब अस्सी हजार है। मार्च माह की राशि अप्रैल में मिलना थी, लेकिन अब तक यह राशि नहीं मिली है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने प्रमुख सचिव, मप्र शासन, सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, मंत्रालय, भोपाल तथा आयुक्त/संचालक, संचालनालय सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण, भोपाल से प्रकरण की जांच कराकर अगले 15 दिन में जवाब मांगा है।

*स्कूल शिक्षा विभाग की लापरवाही, एनसीईआरटी की डुप्लीकेट किताबें बाजार में*

सेंट्रल बोर्ड आॅफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) ने पांच साल पहले सभी निजी और सरकारी स्कूलों में कक्षा एक से बारहवीं तक सिर्फ एनसीईआरटी की किताबें सिलेबस में लागू करने के निर्देश दिये हैं। लेकिन निजी स्कूल एसोसिएशन सीबीएसई के इस फैसले को मानने को तैयार नहीं है। भोपाल में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को चकमा देने और मोटी कमाई करने के लिये मार्केट में एनसीईआरटी की डुप्लीकेट किताबें तैयार हो रही हैं। कलेक्टर, भोपाल से मामले की जांच कराने की मांग उठी है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर, भोपाल से प्रकरण की जांच कराकर की गई कार्यवाही के संबंध में अगले 15 दिन में तथ्यात्मक जवाब मांगा है।

*ओरछा में रामराजा सरकार मंदिर से 100 कदम दूर किराना-चाय दुकान पर बिक रही है शराब*

मप्र मानव अधिकार आयोग ने एक दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित उस ग्राउंड रिपोर्ट पर संज्ञान लिया है, जिसमें यह तथ्य उजागर किया गया है कि निवाड़ी जिलेे के ओरछा कस्बे में स्थित श्री रामराजा सरकार मंदिर से 100 कदम दूर किराना-चाय की दुकानों पर शराब बेची जा रही है। जबकि ओरछा पवित्र नगरी घोषित है। राज्य शासन की नई आबकारी नीति के तहत यहां की इकलौती शराब दुकान एक अप्रैल से बंद कर दी गई है, लेकिन शासन-प्रशासन दोनों यहां शराबखोरी पर अंकुश नहीं लगा सके हैं। शराब बेचने वाले दुकानदार ग्राहकों से कहते हैं कि जितनी चाहेें, उतनी शराब मिल जायेगी, आपको कितनी चाहिये ? इस विषय पर पुलिस प्रशासन का कहना है कि ऐसी सभी दुकानों की पड़ताल की जा रही है, जहां ऐसा अवैध काम हो रहा है। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने कलेक्टर, एवं एसपी निवाड़ी से प्रकरण की जांच कराकर की गई कार्यवाही के संबंध में अगले 10 दिन में जवाब मांगा है।

*सिवनी में आवारा कुत्तों ने हमला कर महिला को मार डाला, नोंचकर खाया मांस*

सिवनी जिले के कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्रांर्तगत मंुडरई गांव में बीते शनिवार को आवारा कुत्तों के हमले से एक महिला की मौत हो गई। कुत्तों के झुंड ने महिला के शरीर से मांस नोंच-नोंचकर खा लिया। मृतिका केसरबाई (55 वर्ष) पत्नी गेंदेश्वर हनवत सुबह करीब सात बजे अपने खेत जा रही है। तभी आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर अचानक हमला कर दिया। घटना के कुछ देर बात वहां पंहुचे ग्रामीणों ने महिला के शरीर को कुत्तों द्वारा नोंचते देख उन्हें भगाया। महिला के शरीर से मांस गायब हो चुका था। महिला की मौत हो चुकी थी। मामले में संज्ञान लेकर मध्यप्रदेश मानव अधिकार आयोग ने एसपी एवं सीएमएचओ, सिवनी से घटना के संबंध में पूर्ण प्रतिवेदन मांगा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)