छह चरण का मतदान पूरा होने के बाद भी पश्चिम बंगाल की सियासी जंग चरम पर है. तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेताओं में जुबानी जंग के बीच अब एक बार फिर यहां हेलिकॉप्टर लैंडिंग और रैली को इजाजत न मिलने का मुद्दा गरमा गया है. ताजा मामला जाधवपुर का है, जहां बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को रैली करने की इजाजत नहीं दी गई है. बताया जा रहा है कि उनके हेलिकॉप्टर को भी लैंडिंग की परमिशन नहीं मिली है.
पश्चिम बंगाल में लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण के तहत 9 सीटों पर 19 मई को मतदान होना है. जिसके लिए सोमवार को अमित शाह की तीन रैलियों का कार्यक्रम है. इनमें से एक रैली दक्षिण 24 परगना जिले के जाधवपुर में दोपहर 12.30 बजे होनी थी. लेकिन रैली से कुछ वक्त पहले ही परमिशन रद्द होने की खबर आई है. साथ ही अमित शाह के हेलिकॉप्टर को भी लैंडिंग की इजाजत नहीं दी गई है. हालांकि, जाधवपुर के अलावा बाकी दोनों रैलियों को इजाजत मिल गई है.
चुनाव में तृणमूल कांग्रेस पर गुंडागर्दी करने का आरोप बीजेपी अब चुनाव आयोग से इस मामले की शिकायत करेगी. बता दें कि हाल ही में पीएम नरेंद्र मोदी और अमित शाह के हमलों का जवाब देते हुए तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा था कि मैं इंच-इंच का बदला लूंगी, आपने मुझे और बंगाल को बदनाम किया है.
Dainik Aam Sabha