नई दिल्ली:
महाराष्ट्र की राजनीति में बड़ा नाम और एनसीपी नेता उदयनराजे भोसले बीजेपी में शामिल हो गए हैं. बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह की मौजूदगी में उदयनराजने बीजेपी में शामिल हुए. इस मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी मौजूद थे.
सतारा से तीन बार के सांसद उदयनराजे भोसले छत्रपति शिवाजी महाराज के वंशज हैं. उन्होंने 2009, 2014, और 2019 लोकसभा चुनाव सतारा सीट से जीते हैं. राजे के बीजेपी में शामिल होने को मराठा वोट बैंक को अपनी तरफ खींचने की पार्टी की कोशिशों से जोड़कर देखा जा रहा है.
उदयनराजे भोसले के बीजेपी में आने से पार्टी को मराठा वोट बैंक को साधने के लिए एक और मौका मिला है. इससे पहले मराठा समाज को आरक्षण देकर बीजेपी की फडणवीस सरकार ने अहम राजनैतिक दांव चला था. अब छत्रपती के वंशज उदयनराजे भोसले भी बीजेपी के साथ आए है.
उदयन राजे भोसले 1995 में बीजेपी के विधायक भी रहे है और 1995 में बनी महाराष्ट्र की बीजेपी -शिवसेना सरकार में राज्यमंत्री भी रह चुके है.
बता दें महाराष्ट्र में कांग्रेस और एनसीपी के नेताओं का पार्टी छोड़ बीजेपी और शिवसेना में जाने का सिलसिला लगाता जारी है. बुधवार को पश्चिम महाराष्ट्र के कांग्रेस नेता हर्षवर्धन पाटिल और शरद पवार के बेहद करीबी पूर्व मंत्री गणेश नाइक ने पार्टी छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया.
Dainik Aam Sabha