Thursday , June 4 2026
ताज़ा खबर
होम / खेल / ऋषभ पंत के हर रन पर LSG ने बहाए लाखों रुपए, चौंका देंगे ये आंकड़े

ऋषभ पंत के हर रन पर LSG ने बहाए लाखों रुपए, चौंका देंगे ये आंकड़े

लखनऊ 

ऋषभ पंत के लिए IPL 2026 का सीजन बहुत खराब गुजरा। न तो बल्लेबाज के तौर पर न ही कप्तान के तौर पर वह अपनी टीम का बेड़ा पार कर सके। सिर्फ सैलरी के हिसाब से देखें तो लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए ऋषभ पंत का एक-एक रन इस सीजन 8.65 लाख रुपये की करीब का पड़ा। इतना नहीं, पिछले दो सीजन के आंकड़ों को मिलाया जाए तो उनके एक-एक रन की कीमत एलएसजी ने 9.29 लाख रुपये चुकाई है। चौके-छक्कों की कीमत निकाली जाए तो यह 50 लाख रुपये से भी ज्यादा बैठेगी।

दरअसल, ऋषभ पंत को लखनऊ सुपर जायंट्स यानी एलएसजी ने आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। उस सीजन में 14 मैचों में 269 रन ही ऋषभ पंत ने बनाए थे। अगर सिर्फ सैलरी के हिसाब से देखा जाए तो पिछले सीजन में उनके एक-एक रन के लिए एलएसजी ने 10-10 लाख रुपये से ज्यादा की कीमत चुकाई है। 10 लाख 3 हजार 717 रुपये का एक रन एलएसजी को ऋषभ पंत का 2025 के सीजन में पड़ा था।

IPL 2025 में ऋषभ पंत के आंकड़े

सैलरी – 27 करोड़

रन – 269

एक रन = 1003717

वहीं, 2026 के सीजन की बात करें तो इतनी ही रकम में ऋषभ पंत को एलएसजी ने रिटेन किया था और इस सीजन 14 मैचों में 312 रन बनाए थे। ऋषभ पंत की 27 करोड़ रुपये की सैलरी में उनके रनों का भाग दिया जाए तो यह प्रति रन 865,384 रुपये बैठता है। अब आप सोचिए कि उनके रनों की कीमत कितनी महंगी रही। पिछले दो साल के आंकड़ों को बात करें तो कुल 581 रन उन्होंने 54 करोड़ रुपये की सैलरी पाकर बनाए। उनके हर एक रन की कीमत पिछले दो साल में 9 लाख 29 हजार 432 रुपये प्रति रन बैठती है।

IPL 2026 में ऋषभ पंत के आंकड़े

सैलरी – 27 करोड़

रन – 312

एक रन = 865314

2025+2026 में एक रन = 929432

IPL 2025 और 2026 के सीजन में ऋषभ पंत एलएसजी के कप्तान भी थे। दोनों बार टीम प्लेऑफ्स के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी। इस बार तो टीम सबसे आखिरी स्थान पर रही। इसके बाद ऋषभ पंत ने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया। हालांकि, छोड़ने से ज्यादा उनसे कप्तानी छीनने की बात कही जा रही है, लेकिन आधिकारिक तौर पर तो उनका और एलएसजी का बयान यही है कि उन्होंने कप्तानी छोड़ी है। लखनऊ सुपर जायंट्स ने 14 में से सिर्फ 4 ही मैच इस सीजन आईपीएल में जीते हैं, जबकि 2025 में पंत की कप्तानी में एलएसजी ने 14 में से 6 मुकाबले ही जीते थे। इस तरह 28 मैचों में से सिर्फ 10 मैचों में वे एलएसजी को जीत दिला सके। ऐसे में उनकी कप्तानी जानी ही थी, जो 2026 के सीजन के बाद चली गई है।