कांग्रेस सांसद शशि थरूर सोशल मीडिया पर ट्रोल हो रहे हैं। ट्रोल होने का कारण उनके दफ्तर में मेज पर लगा उल्टा तिरंगा है। थरूर ने गुरुवार को अपने दफ्तर में जेल में बंद पूर्व आईपीएस अधिकारी संजीव भट्ट की पत्नी और बेटे से मुलाकात की। जिसकी फोटो अब वायरल हो रही है, जिसमें उल्टा तिरंगा दिख रहा है।
इस मुलाकात की फोटो कांग्रेस सांसद ने अपने ट्विटर हैंडल पर साझा की। उन्होंने लिखा, ‘साहसी श्वेता भट्ट और उनके बहादुर बेटे शांतनु से मुलाकात की। लंबे समय से कैद उनके पति को लेकर चर्चा की। न्याय जरूर होना चाहिए।’ इसके बाद एक यूजर ने उल्टा तिरंगा दर्शाते हुए लिखा, ‘आपने जो फोटो पोस्ट की है कृपया उसे जांच लीजिए। कृपया तिरंगे का सम्मान
करना सीखें।’
जावेद अख्तर ने सुधारी थरूर की गलती
मशहूर शायर मिर्जा गालिब के जन्मदिन के बारे में शशि थरूर ने एक गलत ट्वीट कर दिया, जिसे बाद में लेखक और गीतकार जावेद अख्तर ने सुधारा। दरअसल, थरूर ने शनिवार को एक ट्वीट किया था कि ‘आज मिर्जा गालिब की 220वीं जयंती है।’ उन्होंने कुछ पंक्तियां भी शेयर की थीं और उन्हें गालिब का बताया था।
जिस पर जावेद अख्तर ने उनकी गलती सुधारी। उन्होंने बताया पंक्तियां गालिब की नहीं हैं और शायर का जन्मदिन 27 दिसंबर को होता है। गलती का पता चलने पर रविवार को थरूर ने अख्तर का आभार जताते हुए लिखा, ‘मुझे गलत जानकारी दी गई थी।’