Saturday , February 14 2026
ताज़ा खबर
होम / देश / झाबुआ उपचुनाव बना हाईप्रोफाइल, सोनिया गांधी से लेकर जेपी नड्डा तक करेंगे प्रचार

झाबुआ उपचुनाव बना हाईप्रोफाइल, सोनिया गांधी से लेकर जेपी नड्डा तक करेंगे प्रचार

भोपाल

मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल जिले झाबुआ (सु) विधानसभा सीट पर अगले महीने 21 अक्टूबर को उपचुनाव होने वाला है. प्रदेश में 15 साल बाद सत्ता में आने वाली कांग्रेस पार्टी और प्रमुख विपक्षी दल भाजपा के लिए यह उपचुनाव कितना महत्वपूर्ण है, इसका अंदाजा दोनों दलों के स्टार प्रचारकों की जारी सूची से लगाया जा सकता है. कांग्रेस और भाजपा, दोनों ने ही झाबुआ विधानसभा उपचुनाव के लिए 40-40 स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है. कांग्रेस की तरफ से जहां पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, प्रदेश के सीएम कमलनाथ और दिग्विजय सिंह जैसे दिग्गज नेताओं को इस सूची में शामिल किया गया है. वहीं, भाजपा ने भी कांग्रेस के जवाब में पार्टी के दिग्गज नेताओं की फौज उतारने का प्लान बनाया है. भाजपा की ओर से झाबुआ में पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा , पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ नेता चुनाव प्रचार करेंगे.

कांग्रेस की लिस्ट में कई गुजराती नेता
मध्य प्रदेश निर्वाचन आयोग के अनुसार, झाबुआ (सु) विधानसभा सीट की सीमा मध्य प्रदेश के पड़ोसी राज्य गुजरात से छूती है. लिहाजा, दोनों दलों के स्टार प्रचारकों की लिस्ट में गुजरात के नेताओं का भी नाम शामिल है. कांग्रेस इस उपचुनाव में जीत दर्ज कर प्रदेश की विधानसभा में अपना संख्याबल ठीक करना चाहती है, लिहाजा पार्टी ने स्टार प्रचारकों में गुजरात प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अमित चावड़ा और गुजरात विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष परेशभाई धनानी का नाम शामिल किया गया है. इसके अलावा झाबुआ के स्थानीय नेता जेवियर मेड़ा का नाम भी इस लिस्ट में शामिल है. आपको बता दें कि कांग्रेस ने झाबुआ विधानसभा उपचुनाव में यहां से पांच बार सांसद रह चुके कांतिलाल भूरिया को अपना उम्मीदवार बनाया है. वहीं, भाजपा की तरफ से भानू भूरिया चुनाव मैदान में कांग्रेस को टक्कर देंगे.

दोनों पार्टियों का जीत का दावा

झाबुआ उपचुनाव में कांग्रेस और भाजपा, दोनों पार्टियां अपनी-अपनी जीत के दावे कर रही है. सोमवार को ही दोनों दलों के उम्मीदवार नामांकन पत्र भी दाखिल करने वाले हैं, इसके बाद चुनावी माहौल और गर्माने के आसार हैं. कांग्रेस उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया के समर्थन में सोमवार को प्रदेश के सीएम कमलनाथ यहां जनसभा करने वाले हैं. वहीं, भाजपा के कई दिग्गज नेता भी अपने प्रत्याशी भानू भूरिया के समर्थन में जुटने वाले हैं. कांग्रेस पार्टी का दावा है कि प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों से जनता खुश है, इसलिए पार्टी की जीत यहां निश्चित है. वहीं इसके उलट विपक्षी भाजपा का दावा है कि कांग्रेस की नीतियों से युवा, किसान सभी परेशान हैं. लिहाजा भाजपा का युवा उम्मीदवार ही झाबुआ चुनाव जीतेगा.

झाबुआ उपचुनाव पर एक नजर

– झाबुआ (सु) विधानसभा सीट पर 21 अक्टूबर को डाले जाएंगे वोट. 24 को आएगा परिणाम.

– झाबुआ में आदिवासी संगठन जयस ने कांग्रेस को समर्थन दिया है, इसलिए मैदान में दो पार्टियों के बीच होगी जंग.

– इस विधानसभा सीट पर कुल 2 लाख 76 हजार 982 वोटर हैं.

– चुनाव आयोग ने 356 मतदान केंद्रों पर वोट डालने का इंतजाम किया है.

– पिछले विधानसभा चुनाव में यहां 65.26 प्रतिशत मतदान हुआ था.

– हाल में संपन्न लोकसभा चुनाव में 70.80 फीसदी वोट डाले गए थे.

– पिछले दो विधानसभा चुनावों में यहां से भाजपा ने दर्ज की है जीत.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)