जम्मू कश्मीर के बडगाम जिले में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हो रही है. सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में 2 आतंकवादियों को मार गिराया है. हालांकि इसमें दो जवान घायल भी हुए हैं. सूत्रों के मुताबिक मुठभेड़ में लश्कर कमांडर नवीद जट भी मारा गया है. नवीद राइजिंग कश्मीर अखबार के संपादक शुजात बुखारी की हत्या में शामिल था.
बता दें कि हाल ही में श्रीनगर में तीन बाइक सवार आतंकियों ने शुजात बुखारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी. इस हमले में बुखारी की सुरक्षा में तैनात 2 जवानों की भी मौत हो गई. इस हत्याकांड में कश्मीर हॉस्पिटल से फरार आतंकी नवीद जट का हाथ माना जा रहा था. इस हमले की एक तस्वीर सामने आई थी, जिसमें बाइक पर बीच में बैठा आतंकी नवीद जट बताया जा रहा था.
आपको बता दें कि पिछले 2 हफ्ते में सुरक्षाबलों ने 20 आतंकियों को मार गिराया है. मारे गए आतंकवादियों में आतंकी संगठन लश्कर और हिजबुल मुजाहिद्दीन के टॉप कमांडर भी शामिल हैं. इससे पहले मंगलावर को कुलगाम और पुलवामा में अलग-अलग मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने 3 आतंकवादियों को ढेर किया था.
इस साल 226 आतंकी ढेर
आजतक को मिली जानकारी के मुताबिक कश्मीर घाटी में इस साल ऑपरेशन ऑलआउट के तहत 226 आतंकवादियों को सुरक्षाबलों ने ढेर किया है. इससे पिछले साल का रिकॉर्ड टूट गया है. 2017 में 213 आतंकवादी ऑपरेशन ऑलआउट में मारे गए थे.
सूत्रों के मुताबिक इस साल पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और आतंकी संगठनों ने कश्मीर के 178 स्थानीय युवाओं को बरगला कर उन्हें आतंकी संगठनों में शामिल किया है.
पिछले साल 128 स्थानीय युवाओं को आतंकी संगठनों में भर्ती कराया गया था. बताया जा रहा है कि अक्टूबर में सबसे ज्यादा 33 स्थानीय युवा आतंकी संगठनों में शामिल हुए हैं.
Dainik Aam Sabha