लखनऊ
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 19वें संस्करण की शुरुआत तो हो चुकी है, लेकिन इकाना स्टेडियम में पहला मुकाबला एक अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा।
इस हाईवोल्टेज मुकाबले को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। मैच होने में अभी तीन दिन का समय बचा है, पर शनिवार दोपहर 12 बजे तक करीब 60 प्रतिशत से अधिक टिकट बिक चुके हैं, जिससे यह साफ है कि उद्घाटन मुकाबले में ही इकाना स्टेडियम जबर्दस्त भीड़ जुटने वाली है।
टिकट की कीमतें आम दर्शकों के लिए करीब 1000 रुपये से शुरू होकर सुपर जायंट्स लाउंज की 40 हजार रुपये तक रखी गई हैं, जिससे हर वर्ग के दर्शकों को मैच के लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा।
खास मुकाबला, बढ़ी दिलचस्पी
यूपीसीए के सीईओ अंकित कपूर के अनुसार, यह मैच कई कारणों से खास माना जा रहा है। एक तरफ लखनऊ की टीम अपने घरेलू मैदान पर मजबूत शुरुआत करना चाहेगी, वहीं दिल्ली कैपिटल्स भी नए सीजन में जीत के साथ आगाज करने के इरादे से उतरेगी।
क्रिकेट प्रेमियों के बीच इस मुकाबले को लेकर उत्साह का एक बड़ा कारण स्टार खिलाड़ियों की मौजूदगी और सीजन का पहला मैच होना भी है। मैच से पहले बचे हुए टिकट भी जल्द ही बिक सकते हैं और मुकाबले के दिन स्टेडियम खचाखच भरने की पूरा संभावना है।
उन्होंने बताया कि प्रशासन के साथ मिलकर दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। पार्किंग, एंट्री-एग्जिट और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी प्लान तैयार किया गया है, ताकि दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
टिकटों की तेज बिक्री इस बात का भी संकेत है कि लखनऊ एक बार फिर क्रिकेट के रंग में रंगने जा रहा है। पिछले सीजनों की तरह इस बार स्टेडियम हाउसफुल रहने वाला है।
स्टेडियम परिसर में दो टिकट काउंटर
यूपीसीए के मुताबिक, मैच से पहले दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम परिसर में दो ऑफलाइन टिकट काउंटर स्थापित किए गए हैं, जहां शनिवार से टिकट बिक्री शुरू कर दी गई है। इन काउंटरों पर दर्शक सीधे पहुंचकर टिकट खरीद सकेंगे। दो अलग-अलग काउंटर बनाए जाने का मकसद भीड़ को नियंत्रित करना और लंबी कतारों से बचाना है।
Dainik Aam Sabha