Tuesday , March 17 2026
ताज़ा खबर
होम / देश / वायुसेना अरुणाचल प्रदेश में एलएसी के पास स्थिति पर करीबी नजर रख रही

वायुसेना अरुणाचल प्रदेश में एलएसी के पास स्थिति पर करीबी नजर रख रही

नई दिल्ली : अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) के पास चीन की हवाई गतिविधियां बढ़ने पर भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने भी पिछले हफ्ते इलाके में उड़ान भरी थी। मामले के बारे में जानकारी रखने वाले लोगों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चीन द्वारा ड्रोन सहित कुछ विमानों की तैनाती नौ दिसंबर को तवांग सेक्टर के यांग्त्से क्षेत्र में यथास्थिति को एकतरफा बदलने के चीनी प्रयासों से पहले हुई थी। सूत्रों ने कहा कि कई चीनी ड्रोन ने एलएसी के करीब उड़ान भरी, जिसके बाद भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने उड़ान भरी और समग्र युद्धक तैयारी बढ़ा दी। उन्होंने बताया कि वायुसेना ने नौ दिसंबर को चीन द्वारा की गई अतिक्रमण की कोशिश के मद्देनजर इलाके में अपनी समग्र निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों ने बताया कि मानक संचालन प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है, जिसमें सुरक्षा संबंधी विशेष चिंताओं के मामले में लड़ाकू विमानों को तैनात करना शामिल है। एक सूत्र ने कहा, ‘‘भारतीय वायुसेना और थल सेना दोनों हालात पर निकटता से नजर रख रहे हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)