
भोपाल। निशातपुरा थाना क्षेत्र स्थित संजीव नगर में व्यापारी ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उनके दो मासूम बच्चे भी साथ थे। आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। खजूरी सड़क गांव मुगालिया छाप निवासी हेमंत पाटीदार (31) अपनी पत्नी बबीता पाटीदार (28) के साथ रहते थे। उनके साथ उनकी सात साल की बेटी राबिया और ढाई साल का बेटा भय्यू भी रहता था। फिलहाल परिवार संजीव नगर में रहने वाले हेड कांस्टेबल देवेंद्र चौबे के मकान में किराये से रह रहा था। हेमंत की परवलिया सड़क में हार्डवेयर की दुकान थी। शनिवार रात करीब 9 बजे हेमंत और उनकी पत्नी ने जहरीला पदार्थ पी लिया। उनकी बेटी ने रिश्तेदार को कॉल कर घटना की जानकारी दी थी। रिश्तेदार घर पहुंचे और हेमंत और बबीता को अस्पताल पहुंचाया गया, वहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस को दोनों के पास से सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
Dainik Aam Sabha