Tuesday , March 17 2026
ताज़ा खबर
होम / देश / जम्मू कश्मीर में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में चार आतंकवादी मारे गए

जम्मू कश्मीर में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में चार आतंकवादी मारे गए

श्रीनगर : जम्मू-कश्मीर में शनिवार को सुरक्षा बलों के साथ हुई दो मुठभेड़ों में चार आतंकवादी मारे गए। मारे गए इन चार आतंकवादियों में एक आतंकवादी आईईडी का जानकार था। यह जानकारी पुलिस ने दी। लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के दो आतंकवादी शोपियां जिले में मारे गए, वहीं दक्षिण कश्मीर के पुलवामा जिले में अंसार गजवत-उल-हिंद के दो आतंकवादी मारे गए। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शोपियां के चौगाम गांव में आतंकवादियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू किया था। उन्होंने कहा, ‘‘तलाशी अभियान के दौरान आतंकवादियों की मौजूदगी का पता चला। आतंकवादियों को आत्मसमर्पण करने का पूरा मौका दिया गया। हालांकि, आतंकवादियों ने इससे इनकार कर दिया और संयुक्त तलाशी दल पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं।

सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिससे मुठभेड़ शुरू हो गयी।” अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए और उनके शव बाद में मुठभेड़ स्थल से बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि मारे गए आतंकवादियों की पहचान शोपियां में ब्रारीपुरा के सज्जाद अहमद चक और पुलवामा में अचान लिटर के राजा बासित याकूब के रूप में की गयी है। उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आतंकी प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े थे है और वे आतंकी अपराध के कई मामलों में शामिल समूहों का हिस्सा रहे हैं। इसके अलावा मारा गया आतंकवादी चक युवाओं को आतंकवादी संगठनों में भर्ती करने में भी शामिल रहा।” उन्होंने बताया कि आतंकवादियों के पास से दो एके राइफल, चार एके मैगजीन और 32 गोलियों समेत हथियार एवं गोला बारूद सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है।

उन्होंने कहा कि बरामद सामग्री को आगे की जांच के लिए रिकार्ड में ले लिया गया है। अधिकारी ने बताया कि पुलवामा जिले के त्राल इलाके के हरदुमीर में आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच एक और मुठभेड़ हुई। अधिकारी ने बताया कि इस मुठभेड़ में दो आतंकवादी मारे गए। कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने दोनों की पहचान नदीम भट और रसूल उर्फ आदिल के रूप में की। उन्होंने कहा कि रसूल आईईडी का जानकार था। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘वे प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन एयूजीएच से जुड़े थे। दो एके राइफल बरामद की गई हैं। दोनों आईईडी विस्फोट और ग्रेनेड फेंकने सहित कई आतंकी घटनाओं में शामिल थे।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)