Wednesday , February 11 2026
ताज़ा खबर
होम / राज्य / मध्य प्रदेश / मध्य प्रदेश / नकली सोने को असली बताकर ठगी करने के आरोप में चार व्यक्ति गिरफ्तार

मध्य प्रदेश / नकली सोने को असली बताकर ठगी करने के आरोप में चार व्यक्ति गिरफ्तार

जबलपुर : मध्य प्रदेश के जबलपुर में नकली सोने के 19 बिस्किट को असली बताकर एक व्यक्ति से कथित रूप से 14.70 लाख रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने यहां चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी शुक्रवार को दी। नगर पुलिस अधीक्षक (गढ़ा) तुषार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार किए गये आरोपियों की पहचान जगदीश (35), पी एम सादिक (36), जाकिर हुसैन खान (40) एवं मोहसिन शेख (25) के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि जगदीश एवं सादिक गुजरात के अहमदाबाद के निवासी है और बाकी दोनों महाराष्ट्र के ठाणे के रहने वाले हैं।

उन्होंने बताया कि ये चारों अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य हैं और इन्हें मुकुल पटेल नामक व्यक्ति को नकली सोने के बिस्किट बेचने के मामले में बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि इन आरोपियों ने नकली सोने के 19 बिस्किट को असली बताकर उससे 14.70 लाख रुपये ठगे थे। सिंह ने बताया कि पुलिस ने इन आरोपियों से नकली सोने के बिस्किट, 14.60 लाख रुपये नगद एवं एक कार भी बरामद की है। उन्होंने कहा कि इन आरोपियों द्वारा ठगे जाने के बारे में पता चलने पर मुकुल पटेल ने दो दिन पहले पुलिस में शिकायत की दी, जिसके बाद यहां विजय नगर पुलिस थाने में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)