Friday , April 10 2026
ताज़ा खबर
होम / देश / बिहार से लेकर असम तक बाढ़ से बेहाल जिंदगी, यूपी में 15 तो असम में 6 की मौत

बिहार से लेकर असम तक बाढ़ से बेहाल जिंदगी, यूपी में 15 तो असम में 6 की मौत

देश के कई हिस्सों में मॉनसून की बारिश लगातार जारी है, जिसके चलते लोगों को कई तरह की परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है. शुक्रवार को पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में जमीन दरकने और मकान गिरने की घटनाओं में कम से कम दस लोगों की मौत हो गई और करीब साढ़े आठ लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हैं. इसके अलावा यूपी और बिहार के कई जिलों के लोग भी बाढ़ से परेशान हैं.

असम में बाढ़ की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है, जिसके बाद राज्य में सहायता के लिए सेना को बुलाया गया है. ब्रहमपुत्र नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. राज्य में बाढ़ की वजह से छह लोगों की मौत हो गई है, जबकि 21 जिलों के करीब 8.7 लाख लोग प्रभावित हुए हैं. अधिकारी 11 जिलों में 68 राहत शिविर और वितरण केंद्र चला रहे हैं, जहां 7643 लोगों ने शरण ली हुई है.

यूपी में 15 लोगों की मौत

उत्तर प्रदेश में पिछले तीन दिनों में राज्य के 14 जिलों में करीब 15 लोगों की मौत हो गई. आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार जुलाई 9 से 12 के बीच वर्षा जनित हादसों में करीब 133 इमारतें ढह गईं. वहीं करीब 23 जानवरों की भी इसमें जान चली गई.

मॉनूसन के आने के बाद से ही उत्तर प्रदेश के उन्नाव, अंबेडकर नगर, प्रयागराज, बाराबंकी, हरदोई, खीरी, गोरखपुर, कानपुर नगर, पीलीभीत, सोनभद्रा, चंदोली, फिरोजाबाद, मऊ और सुल्तानपुर में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है.

बिहार में कई जिलों पर बाढ़ का खतरा

बिहार के सभी जिलों में पिछले एक हफ्ते से भारी बारिश हो रही है, जिस कारण कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं. बारिश कोसी क्षेत्र, सीमांचल और चम्पारण में तबाही लेकर आ रही है. कोसी का जलस्तर एक बार फिर से उफान पर है और इसमें लगातार वृद्धि हो रही है.

लगातार बारिश के चलते नेपाल से निकलने वाली नदियां उफान पर हैं, जिससे अररिया जिले के चार प्रखंड बाढ़ से प्रभावित हो गए हैं. भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर रेल परिचालन बाधित होना भी शुरू हो चुका है.

भूस्खलन की मार झेल रहा है सिक्किम

सिक्किम में रांगपो और 32 नंबर राजमार्ग पर भी भूस्खलन हुआ है और वहां युद्धस्तर पर मरम्मत और जीर्णोद्धार का काम चल रहा है. हालांकि भारी बारिश इसमें बाधा उत्पन्न हो रही है. पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने उत्तर बंगाल में सामान्य जीवन को खतरे में डाल दिया है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है और पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन हो रहा है.

पंजाब-हरियाणा में गर्मी से राहत

बारिश ने पंजाब और हरियाणा के बड़े हिस्सों को भी प्रभावित किया है, जिससे अधिकांश जगहों पर अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे आ गया है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enable Google Transliteration.(To type in English, press Ctrl+g)